
अलवर में गढ़ी सवाईराम अस्पताल के सामने सोमवार को एक युवक पीपल के पेड़ पर चढ़ गया और गले में फंदा लगाकर पेड़ की डाल पर बैठ गया। युवक के इस कदम की सूचना मिलते ही अस्पताल और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोग युवक को नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक अस्पताल के पास चाय की थड़ी चलाता है। बताया जा रहा है कि उसका अस्पताल के एक चिकित्सक से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। युवक का कहना है कि चिकित्सक की ओर उसकी दुकान के पैसे बाकी हैं और उनका हिसाब होना चाहिए।
जानकारी के मुताबिक युवक की पत्नी की तबीयत खराब होने पर वह इलाज के सिलसिले में चिकित्सक के पास पहुंचा था। इस दौरान चिकित्सक की ओर से उससे पैसे मांगे जाने की बात सामने आई। युवक ने कथित तौर पर कहा कि उसकी दुकान के पैसे पहले से बाकी हैं और पहले उसका हिसाब कर लिया जाए। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ने की जानकारी सामने आ रही है।
इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि युवक पीपल के पेड़ पर चढ़ गया और गले में फंदा लगाकर डाल पर बैठ गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते अस्पताल के सामने बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। युवक प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर आने की मांग करता रहा। वह जिला प्रशासन के अधिकारियों के सामने अपनी बात रखने की जिद पर अड़ा रहा। सूचना मिलने के बाद रैणी एसडीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की जानकारी है।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता युवक को सुरक्षित तरीके से पेड़ से नीचे उतारना है। अधिकारी और आसपास मौजूद लोग उसे समझाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को संभालने की कोशिश की जा रही है। घटना के कारण अस्पताल के आसपास लोगों की भीड़ जमा होने से मौके पर काफी हलचल रही। चिकित्सक और युवक के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद की पूरी स्थिति प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं। (खबर लिखे जाने तक)