
Tikaram Jully : राजस्थान की रितु बराला से दिल्ली पुलिसकर्मियों द्वारा कथित दुर्व्यवहार और मारपीट का मामला राजस्थान में राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने राज्य की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आक्रोश जताया है। मंगलवार को अलवर में जारी बयान में टीकाराम जूली ने कहा कि रितु बराला के मामले में प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए और कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने इसे राजस्थान की पुत्री को न्याय दिलाने से जुड़ा मुद्दा बताते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की है।
टीकाराम जूली का आरोप है कि इसके बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अन्य राज्यों में ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज हो सकती है, तो राजस्थान में कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि एक ही देश में कानून के अलग-अलग मापदंड नहीं हो सकते।
टीकाराम जूली ने इस पूरे घटनाक्रम को तानाशाहीपूर्ण रवैया बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार के डर से कुछ अधिकारी नियमों और कानून की अनदेखी कर रहे हैं। कानून का पालन करना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है। नियमों के मुताबिक कार्रवाई नहीं होती है, तो संबंधित अधिकारियों को भी जवाब देना पड़ेगा। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संविधान का हवाला देते हुए कहा कि संविधान के प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई होनी चाहिए और किसी को भी कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता।
टीकाराम जूली ने राज्य के आमजन से आग्रह किया कि वे जयपुर पहुंचकर रितु बराला को न्याय दिलाने की मुहिम में साथ दें। उन्होंने कहा कि वह खुद भी जयपुर पहुंच रहे हैं और जनता को भी इस मुद्दे पर साथ आना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करनी ही होगी। अब इस मामले में सबकी निगाहें पुलिस प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं। कांग्रेस ने रितु बराला के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट के आरोपों पर निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।
टीकाराम जूली ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भारतीय राष्टीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, रितु बराला और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर पुलिस आयुक्तालय में मौजूद हैं।