अंबिकापुर

Surguja Elephant Attack: सबसे महंगी सब्जी लेने जंगल गए दंपती पर हाथी ने किया हमला, पति का जबड़ा टूटा तो गिरकर पत्नी हुई घायल

Surguja Elephant News: उदयपुर वन परिक्षेत्र के भालूमाड़ा जंगल में वृद्ध दंपती का हाथी से हो गया सामना, हाथी ने वृद्ध को लिया चपेट में, पत्नी दूसरी ओर भागी
2 min read
Elephant attack in Surguja
Surguja elephant attack, हाथी के हमले में घायल ग्रामीण (Photo- Patrika)

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत भालूमाड़ा के जंगल में सोमवार की सुबह पुटू-खुखड़ी बीनने गए वृद्ध दंपती का अचानक हाथी से सामना (Elephant attack) हो गया। हाथी को देखकर दोनों दो दिशाओं में भागने लगे, इस दौरान हाथी की चपेट में वृद्ध आया गया। हाथी के हमले में उसका जबड़ा टूट गया, जबकि भागते समय गिरकर उसकी पत्नी घायल हो गई। हाथी के जाने के बाद घायल हालत में दोनों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां वृद्ध की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया गया। बता दें कि पुटू-खुखड़ी इन दिनों छत्तीसगढ़ की सबसे महंगी सब्जी है।

सरगुजा संभाग के सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर जिले में काफी संख्या में हाथियों का दल इन दिनों भ्रमण कर रहा है। विचरण के दौरान हाथी अपने रास्ते में आने वाले घरों, फसलों को चौपट करने के अलावा लोगों को भी मौत के घाट उतार रहे हैं। इधर वन विभाग हाथियों (Elephant in Surguja) के निगरानी में लगा हुआ है, ग्रामीणों को लगातार जंगल की ओर न जाने की समझाइश दी जाती है।

Elephant attack, अस्पताल में भर्ती ग्रामीण (Photo- Patrika)

इसके बाद भी विवशता वश ग्रामीण जंगल की ओर लकड़ी समेत दैनिक कामों के लिए रुख करते हैं। इन दिनों पुटू का सीजन चल रहा है, जो सबसे महंगी सब्जी के रूप में विख्यात है। उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सायर निवासी बिहानू 55 वर्ष अपनी पत्नी संपत के साथ सोमवार की सुबह करीब 7 बजे गांव से लगे जंगल में पुटू बीनने गया था। इसी दौरान दोनों का सामना हाथी (Elephant attack on couple) से हो गया।

Surguja elephant news: पति पर हमला, जान बचाकर भागी पत्नी

हाथी ने वृद्ध दंपती को देखकर उनपर हमला कर दिया। इस दौरान पति और पत्नी अलग-अलग दिशा में भागने लगे। लेकिन हाथी ने पति को दौड़ाया, हाथी के हमले (Elephant attack in forest) में उसका जबड़ा टूट गया तथा शरीर के अन्य हिस्से में भी चोटें आईं। इधर पत्नी बदहवास भागने के दौरान गिरकर घायल हो गई।

Elephant attack, गिरकर घायल हुई महिला (Photo- Patrika)

उसका शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। फिर पति-पत्नी को उदयपुर अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल बिहानू को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया।

Updated on:
20 Jul 2026 05:28 pm
Published on:
20 Jul 2026 05:28 pm