
अंबिकापुर. सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंपापुर में शुक्रवार की सुबह करीब 4 बजे करैत सांप (Snake bite to woman) ने महिला को डस लिया। महिला पति व बच्चों के साथ जमीन में बिस्तर लगाकर सोई थी। उसने उठकर पति से कहा कि पीठ में कुछ काट लिया है। जब पति ने बच्चों को हटाकर देखा तो बिस्तर में करैत सांप लेटा हुआ था। पीठ पर सांप के डसने के निशान देख आनन-फानन में पत्नी को वह लेकर अस्पताल पहुंचा। वहां से रेफर किए जाने के बाद अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज शुरु होने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में जहरीले जीव के काटने से एक युवक की मौत हो गई।
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंपापुर निवासी फुलकेन टेकाम पति मलकु राम टेकाम उम्र 31 वर्ष की सर्पदंश से मौत हो गई। इस संबंध में महिला के पति ने बताया कि 3 सितंबर की रात को खाना खाने के बाद पत्नी व बच्चों के साथ कमरे में जमीन पर बिस्तर लगाकर सोया था। शुक्रवार की अलसुबह करीब 4 बजे पत्नी फुलकेन उठकर बताई की पीठ में कुछ काट (Snake bite) लिया है।
इसके बाद उसने बच्चों को हटाकर देखा तो बिस्तर में करैत सांप था और पत्नी के पीठ पर सांप के डसने का निशान था। इसके बाद वह व उसके परिजन पत्नी को इलाज के लिए प्रतापपुर अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर ने उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए अंबिकापुर रेफर कर दिया। फिर परिजन ने उसे अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया। यहां कुछ देर इलाज चलने के बाद महिला की मौत (Woman died due to snake bite) हो गई।
इधर कोरिया जिले के बैकुंठपुर में सोने के दौरान जहरीले जीव के काटने से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। कोरिया जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सतीपारा निवासी संतोष पनिका पिता रंगलाल पनिका उम्र 17 वर्ष की दादी 3 सितंबर को अस्पताल में भर्ती थी। संतोष अस्पताल में खाना पहुंचाने के बाद घर में आकर सो गया था। रात करीब 3 बजे उसके गर्दन में कुछ काटने का एहसास हुआ।
फिर उसने इसकी जानकारी परिजन को दी। परिजन ने बिस्तर में देखा तो कुछ नहीं दिखाई दिया। इसके बाद उसकी तबियत बिगडऩी शुरू हो गई। उसे बैकुंठपुर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां जांच के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।