अमरीका के दो प्रमुख राज्यों में गोलीबारी की घटना सामने सामने आयी है।
वाशिंगटन। अमरीका के दो प्रमुख राज्यों में गोलीबारी की घटना सामने सामने आयी है। एक तरफ टेक्सास राज्य के ह्यूस्टन में गोलीबारी की एक घटना में बंदूकधारी सहित तीन लोगों की मौत हो गई वहीं केलिफोर्निया के लॉन्ग बीच शहर में एक कार्यस्थल पर हुई गोलीबारी में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई।
हमलावर वाहनों की मरम्मत करने वाली एक दुकान का पूर्व कर्मचारी
एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ह्यूस्टन पुलिस विभाग के कार्यकारी सहायक प्रमुख ट्रॉय फिनर ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि हमलावर वाहनों की मरम्मत करने वाली एक दुकान का पूर्व कर्मचारी था। उसने दुकान के ही दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद हमलावर बाहर आया और खुद को भी गोली मार ली।
गोलीबारी का कारण फिलहाल अज्ञात
फिनर ने कहा कि घटना के दौरान कई लोग दुकान के अंदर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने हमलावर के परिवार से संपर्क किया है। हालांकि पुलिस ने यह बताने से इनकार कर दिया कि हमलावर पुरुष है या महिला। बता दें कि इस घटना में कोई अन्य घायल नहीं हुआ है। गोलीबारी का कारण फिलहाल अज्ञात है। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद आगे की जानकारी सामने आएगी।
केलिफोर्निया के एक कानूनी कार्यालय में भी गोलीबारी
इसके अलावा केलिफोर्निया के लॉन्ग बीच शहर में स्थित एक कार्यस्थल पर हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत की खबर आ रही है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि मरने वालों में हमलावर भी शामिल है। एक अखबार के अनुसार, लौंग बीच पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि बिक्सबी नॉल्स इलाके के आसपास बड़े स्तर पर गोलीबारी होने की खबर मिलने के बाद वह उस इलाके में गए।कई चश्मदीदों ने बताया कि गोलीबारी एक इमारत में हुई जिसमें एक कानूनी कार्यालय है।
हमलावर ने पहले एक व्यक्ति को और फिर खुद को मारी गोली
अधिकारियों ने कहा कि 'हमलावर की भी मौके पर ही मौत हो गई।' लॉन्ग बीच सिटी काउंसिलमैन अल ऑस्टिन ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि हमलावर ने पहले एक व्यक्ति को और फिर खुद को गोली मार ली।