23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / World / अमेरिका के ओहायो में बेबी शावर के दौरान फायरिंग में 3 की मौत, कैलिफोर्निया के कॉन्सर्ट में भी 9 लोगों को लगी गोली

अमेरिका के ओहायो में बेबी शावर के दौरान फायरिंग में 3 की मौत, कैलिफोर्निया के कॉन्सर्ट में भी 9 लोगों को लगी गोली

अमेरिका में गोलीबारी की दो घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हुए। ओहायो में बेबी शॉवर समारोह के दौरान पारिवारिक विवाद के बाद फायरिंग हुई, जबकि कैलिफोर्निया के एक कॉन्सर्ट में नौ लोगों को गोली लगी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Anand Shekhar

•

Updated: 23 Nov 2026, 10:22 AM IST

Gun Violence in America

अमेरिका में दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाएं (फोटो -वीडियो ग्रैब X@DailyLoud)

Gun Violence in America: अमेरिका में गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है और कम से कम 10 अन्य लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों द्वारा रविवार को दी गई जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम ओहायो के पार्मा शहर में एक बेबी शॉवर (गोद भराई) कार्यक्रम के दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और एक महिला घायल हो गई। एक अन्य घटना में कैलिफोर्निया के स्ट्रैथमोर शहर में एक कॉन्सर्ट के दौरान अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी, जिसमें नौ लोग घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

ओहायो में तीन लोगों की मौत

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम को क्लीवलैंड से लगभग 16 किलोमीटर दक्षिण में स्थित पार्मा शहर के पंडोरा मैजिकल इवेंट्स वेन्यू में आयोजित एक बेबी शॉवर कार्यक्रम के दौरान गोलीबारी हुई। शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई गई है।

पुलिस का कहना है कि गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 17 वर्षीय लेसिया इंग्लैंड और 45 वर्षीय जेसन टाउनसेंड शामिल हैं। टाउनसेंड उस महिला के पिता थे, जिसके लिए यह 'बेबी शॉवर' कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में मौजूद गर्भवती महिला को कोई चोट नहीं आई है।

इस घटना में 39 वर्षीय एक महिला के पैर में गोली लगी है। उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। गोलीबारी में मारा गया तीसरा व्यक्ति 19 वर्षीय युवक था, जिसे पुलिस ने संदिग्ध शूटर बताया है।

बच्चे का पिता समारोह में नहीं था आमंत्रित

पुलिस प्रवक्ता स्कॉट ट्रैक्सलर के अनुसार, शुरुआती जानकारी और चश्मदीदों के बयानों से पता चला है कि मारा गया 19 वर्षीय युवक होने वाले बच्चे का पिता था और उसे बेबी शॉवर में आमंत्रित नहीं किया गया था। वहीं, हिरासत में लिया गया 29 वर्षीय दूसरा संदिग्ध गर्भवती महिला का रिश्तेदार बताया जा रहा है, हालांकि अभी तक उस पर कोई औपचारिक आरोप तय नहीं किए गए हैं।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोलीबारी किसने शुरू की और क्या हिरासत में लिए गए व्यक्ति ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी। पुलिस ने घटनास्थल से दोनों हथियार बरामद कर लिए हैं। CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और चश्मदीदों के बयान लिए जा रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, यह पता लगाने के लिए बैलिस्टिक जांच की जरूरत पड़ सकती है कि किस व्यक्ति को किस हथियार से गोली मारी गई। इसके बाद अभियोजक यह तय करेंगे कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक आरोप लगाए जाएं या नहीं।

कैलिफोर्निया में कॉन्सर्ट के दौरान नौ लोगों को लगी गोली

इधर, कैलिफोर्निया के टुलारे काउंटी के एक छोटे से शहर स्ट्रैथमोर में गोलीबारी की एक और घटना हुई। शेरिफ विभाग के अनुसार, शनिवार शाम लगभग 7:30 बजे एक कॉन्सर्ट के दौरान कुछ हमलावरों ने भीड़ पर गोलियां चला दीं। इस कार्यक्रम में लगभग 150 लोग मौजूद थे।

इस हमले में नौ लोग घायल हो गए। इनमें 26 वर्षीय एक युवक के सीने में गोली लगी, जिसके बाद उसकी सर्जरी की गई। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, 19 और 22 साल के दो अन्य घायलों को भी ऑपरेशन की जरूरत पड़ी। बाकी छह लोगों को मामूली चोटें आई हैं। शेरिफ विभाग का मानना ​​है कि यह हमला किसी गैंग से जुड़ा हो सकता है।

हमलावरों की पहचान करने में जुटी पुलिस

अधिकारियों के मुताबिक, कॉन्सर्ट में पड़ोसी राज्यों के कलाकार शामिल थे। मामले की जांच चल रही है और पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। शेरिफ विभाग ने कहा है कि फिलहाल आम जनता को कोई खतरा नहीं है।