लिस्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप की संपत्ति 3,900 करोड़ रुपये कम होकर 201.5 खरब रुपये हो गई है। 156वें स्थान से 248 पर पहुंचे।
न्यूयॉर्क: फोर्ब्स के द्वारा जारी की गई ताजा एक लिस्ट में अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संपत्ति में भारी गिरावट देखने को मिली है। ये बात काफी हैरान करने वाली है कि अमरीका जैसे शक्तिशाली देश का राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप की संपत्ति में गिरावट आई है। फोर्ब्स ने अमरीका के सबसे रईस लोगों की लिस्ट जारी की है, जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 92 स्थान नीचे लुढ़क गए हैं। लिस्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप की संपत्ति 3,900 करोड़ रुपये कम होकर 201.5 खरब रुपये हो गई है।
जुकरबर्ग की संपत्ति में हुआ तेजी से इजाफा
आजुकरबर्ग की संपत्ति में हुआ तेजी से इजाफा आपको बता दें कि फोर्ब्स ने अमेरिका के 400 अरबपतियों की नई लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में ट्रंप 156वें स्थान से लुढ़ककर 248वें नंबर पर पहुंच गए हैं। ट्रंप के अलावा इस लिस्ट में फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग का नाम भी काफी हैरान करने वाला है, क्योंकी लिस्ट के मुताबिक, उनकी संपत्ति में तेजी से उछाल आया है। जुकरबर्ग की संपत्ति में 15.5 बिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई है जिससे वह अपनी लिस्ट में चौथा स्थान पाने में कामयाब रहे हैं। वहीं सबसे कम उम्र के धनी स्नैपचैट के 27 वर्षीय फाउंडर इवान स्पीगल भी 248वें स्थान पर हैं।
इस वजह से आई है संपत्ति में गिरावट
यह गिरावट खासकर न्यूयॉर्क शहर और अन्य जगहों के व्यवसायिक क्षेत्रों के रिटेल मार्केट में आई मंदी के कारण हुआ है। हालांकि फोर्ब्स पत्रिका की माने तो उनकी रैंकिंग में गिरावट उनकी संपत्ति के बारे में मिली नई जानकारियों की वजह से भी आई है। 2015 में राष्ट्रपति चुनाव के समय उन्होंने अपनी संपत्ति की घोषणा की और बताया कि उनके पास 9.2 बिलियन डॉलर की संपत्ति है। हालांकि सेक्यूरिटी ऐंड एक्सचेंज कमिशन से मिली जानकारी के अनुसार उनकी संपत्ति दावे की गई संपत्ति के आधे से ज्यादा यानी 4 बिलियन डॉलर से ज्यादा नहीं है।
पहले नंबर पर हैं बिल गेट्स
फोर्ब्स की इस लिस्ट में माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स लगातार 24वीं बार अरबपतियों की लिस्ट में पहले स्थान पर बने हुए हैं। गेट्स की संपत्ति 89 बिलियन डॉलर है। लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऐमजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस 81.5 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ हैं। इस साल लिस्ट में सबसे ज्यादा बढ़ने वाली संपत्ति मामले में फेसबुक के फाउंडर मार्क जकरबर्ग पहले नंबर पर हैं।