भारत में पाकिस्‍तान के पूर्व राजदूत अब्‍दुल बासित ने कश्‍मीर मामले में पाकिस्‍तान से सक्रिय कूटनीति अपनाने को कहा है।
इस्लामाबाद। भारत में पाकिस्तान के पूर्व राजदूत अब्दुल बासित ने कश्मीर मामले में पाकिस्तान से सक्रिय कूटनीति अपनाने को कहा है। उन्होंने कहा है कि पाक अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर को अपना प्रमुख मुद्दा बनाए। डॉन न्यूज के अनुसार, हुर्रियत कांफ्रेंस व कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल रिलेशंस की ओर से आयोजित 'इंडियन डिजाइंस टू चेंज डेमोग्राफी ऑफ कश्मीर –वॉयलेशन ऑफ यूएन रेज्योलूशन एंड इंटरनेशनल लॉ' नामक सेमिनार में अपने संबोधन में बासित ने कहा पाकिस्तान को अपनी क्षमाप्रार्थी रुख को छोड़ देना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर मुद्दे को फिर से चर्चा का विषय बनाने के लिए सक्रिय कूटनीति की ओर बढ़ना चाहिए।
छिपे तरीके से कूटनीति करने की जरूरत नहीं
बासित ने कहा कि हालांकि भारत पाकिस्तान के साथ वार्ता के लिए इच्छुक है लेकिन वह कश्मीर पर बात करने को तैयार नहीं। उन्होंने आगे कहा, पाकिस्तान का मानना है कि दोनों देशों के बीच कश्मीर पर लंबे समय से विवाद रहा है और इसे लेकर कई जंग भी हुए हैं। हमें इस पर एक प्रभावी नीति बनाने की जरूरत है क्योंकि कश्मीर के लोग भारतीय नियंत्रण को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। हमें छिपे तरीके से कूटनीति करने की जरूरत नहीं है क्योंकि यह फायदेमंद नहीं होगा।
थिंकटैंक को समझाने की जरूरत, एक ही है पाकिस्तान-अमरीका का हित
पाकिस्तान अमरीकी संबंध पर सवाल के जवाब में बासित ने कहा, दोनों देशों के बीच विरोधाभास है। उन्होंने कहा कि अमरीका चाहता है कि अफगानिस्तान में अशांति जारी रहे जो कि पाकिस्तान के लिए चुनौती है। हम इस बात से इनकार नहीं कर सकते हैं कि अफगानिस्तान की शांति से पाकिस्तान का अमन जुड़ा है। हमें अमरीकी मीडिया और उनके थिंकटैंक को समझाने की जरूरत है कि पाकिस्तान और अमरीका का हित एक ही है।