अयोध्या

दुनिया की सबसे नन्ही महिला पहुंचीं रामलला के दरबार, 62.8 सेंटीमीटर कद वाली ज्योति आमगे बनीं प्रेरणा का प्रतीक!

Jyoti Kishan Amge: गिनीज रिकॉर्ड में दर्ज दुनिया की सबसे छोटे कद की महिला ज्योति किशन आमगे अयोध्या पहुंचीं। 2 फीट की ज्योति ने सहयोगी की गोद में बैठकर रामलला के दर्शन किए। बोलीं-"रामलला के बाल रूप ने मन को छू लिया।

2 min read
Oct 31, 2025
सोर्स Jyoti Amge Instagram

Jyoti Kishan Amge: महाराष्ट्र के नागपुर की रहने वाली 32 वर्षीय ज्योति किशन आमगे, जिनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दुनिया की सबसे छोटे कद की महिला के रूप में दर्ज है। शुक्रवार को अयोध्या पहुंचीं। उन्होंने अपने परिजनों के साथ रामलला के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। सहयोगी भोला राम ने उन्हें गोद में उठाकर रामलला के बाल स्वरूप के दर्शन कराए।

Jyoti Kishan Amge: रामनगरी अयोध्या पहुंचीं दुनिया की सबसे छोटे कद की महिला ज्योति किशन आमगे ने शुक्रवार को रामलला के दर्शन किए। 62.8 सेंटीमीटर लंबी और मात्र 5.5 किलोग्राम वजनी ज्योति हड्डियों की दुर्लभ बीमारी एकोंड्रॉप्लासिया से पीड़ित हैं। जिसके कारण उनकी लंबाई बढ़ नहीं सकी। चलने में कठिनाई होने की वजह से उनके सहयोगी भोला राम ने उन्हें गोद में उठाकर दर्शन कराए।

Jyoti Kishan Amge: ज्योति बोली- जीवन का सबसे पवित्र क्षण

दर्शन के बाद ज्योति ने कहा कि रामलला के बाल स्वरूप को देखकर उनका मन भावविभोर हो गया। उन्होंने कहा— “यह मेरे जीवन का सबसे पवित्र क्षण है। भगवान श्रीराम सब पर कृपा करें और सभी की रक्षा करें। मैं जल्द ही फिर दर्शन के लिए अयोध्या आऊंगी। ज्योति आमगे अपने परिवार माता-पिता, भाई, बहन और जीजा के साथ अयोध्या आई थीं। दर्शन के बाद उन्होंने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।

दुनिया के लिए प्रेरणा बनी ज्योति

नागपुर निवासी ज्योति का जन्म 16 दिसंबर 1993 को हुआ था। उन्होंने ग्रेजुएशन पूरा किया है। आज वह दुनिया भर में प्रेरणा का प्रतीक बन चुकी हैं। स्कूल के समय उनके लिए अलग से डेस्क, यूनिफॉर्म और बर्तन तैयार किए जाते थे। 18वें जन्मदिन पर उन्होंने अमेरिका की ब्रिजेट जॉर्डन को पछाड़कर दुनिया की सबसे छोटी जीवित महिला का खिताब हासिल किया था।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बना चुकी पहचान

ज्योति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। वर्ष 2014 में वह एक अमेरिकी टीवी शो में नजर आई थीं। जबकि 2018 में उन्हें मिस्र के एक इवेंट में दुनिया के सबसे लंबे व्यक्ति, तुर्किये के सुल्तान कोसेन के साथ आमंत्रित किया गया था। अपने छोटे कद के बावजूद ज्योति का हौसला और सकारात्मक सोच उन्हें दुनिया के लिए प्रेरणा बनाती है। अयोध्या में रामलला के दर्शन ने उनके जीवन में एक और यादगार पल जोड़ दिया।

Published on:
31 Oct 2025 09:00 pm
Also Read
View All

अगली खबर