आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया शिक्षा क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय एदिलपुर में शिक्षकों की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां कक्षा तीन का एक छात्र विद्यालय परिसर में ही बंद रह गया, जबकि शिक्षक छुट्टी के बाद ताला लगाकर घर चले गए।जानकारी के अनुसार, दादर गांव निवासी फूला देवी का पुत्र हिमांशु राजभर सोमवार […]
आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया शिक्षा क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय एदिलपुर में शिक्षकों की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां कक्षा तीन का एक छात्र विद्यालय परिसर में ही बंद रह गया, जबकि शिक्षक छुट्टी के बाद ताला लगाकर घर चले गए।
जानकारी के अनुसार, दादर गांव निवासी फूला देवी का पुत्र हिमांशु राजभर सोमवार को रोज की तरह स्कूल गया था। पढ़ाई के दौरान उसे नींद आ गई और वह कक्षा में ही सो गया। दोपहर करीब दो बजे छुट्टी होने पर शिक्षक व कर्मचारी बिना कक्षाओं की जांच किए विद्यालय में ताला लगाकर चले गए। इस दौरान सो रहा छात्र अंदर ही बंद रह गया।
जब काफी देर तक हिमांशु घर नहीं पहुंचा तो परिजन चिंतित हो उठे। मां ने अन्य बच्चों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद वह शाम करीब चार बजे विद्यालय पहुंचीं। वहां अंदर से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर वह घबरा गईं और तुरंत ग्राम प्रधान को सूचना दी। ताला खुलवाने पर डरा-सहमा बच्चा बाहर निकाला गया।
घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और दोषी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। उधर, बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार पाठक ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर निलंबन सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बीएसए ने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालय बंद होने के बाद शिक्षकों को कुछ समय तक परिसर में रुकना अनिवार्य है, लेकिन कई स्थानों पर इस नियम का पालन नहीं किया जा रहा है, जो अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।