
आजमगढ़: बिलरियागंज थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हंगामा किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान दूल्हे की कथित प्रेमिका पहुंच गई, जिसके बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। शादी की रस्में निभाई जा रही थी और इस दौरान हंगामा होने से कुछ देर के लिए असमंजस्य की स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ लोगों ने उपद्रव करने की भी कोशिश की हालांकि, पुलिस ने मामले को संभाल लिया।
पटवध कौतुक हरिजन बस्ती में शुक्रवार की रात गुडुर के घर मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गढ़वाल गांव से बृजेश कुमार की बारात आई थी। बारात के आने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने धूमधाम से दरवाजे पर स्वागत किया। इसके बाद द्वार पूजा सहित शादी की रस्में निभाई जाने लगी। सभी लोग शादी के खुशनुमा माहौल में व्यस्त थे, लेकिन थोड़ी देर बाद ही शादी में हंगामा होने लगा।
बताया जा रहा है कि रौनापार थाना क्षेत्र के बगही गांव की रहने वाली एक युवती पुलिस के साथ शादी समारोह में पहुंच गई और दूल्हे से उसका प्रेम संबंध होने का दावा किया, जिसके बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच असमंजस्य की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान युवती से वर और वधु पक्ष की कहासुनी हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि आसपास के लोगों ने हंगामा करते हुए पुलिस टीम और युवती के ऊपर हमला कर दिया और कुर्सियां और मेज तोड़ दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस युवती को लेकर थाने पहुंची। इसके बाद मौके पर थाने की फोर्स पहुंच गई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान शादी की रश्मे आगे बढ़ाई गई और सात फेरों के बाद दूल्हा और दुल्हन वहां से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि इस दौरान सिंदूरदान की भी रस्म भी अदा की गई और दूल्हा पक्ष के लोग भी वहां से चले गए। वहीं इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। लड़की पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व युवती उनके घर पहुंची थी और दूल्हे से उसका प्रेम संबंध होने की बात कह कर बरगलाने की कोशिश कर रही थी। युवती ने शादी रुकवाने की धमकी भी दी थी। वहीं, इस मामले की जानकारी दूल्हे पक्ष को भी दुल्हन पक्ष की ओर से दी गई थी।
शादी समारोह में अचानक हुए बवाल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को संभाल लिया है। पुलिस ने बताया है कि युवती की ओर से लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया है कि जल्दी पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Updated on:
23 May 2026 01:46 pm
Published on:
23 May 2026 01:38 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
