
Pic- Video grab
वाराणसी: धर्म और आस्था की नगरी काशी में गंगा नदी में स्नान के दौरान युवक द्वारा बीयर पिए जाने के मामले में पुलिस ने सख्ती दिखाई है। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद दशाश्वमेध थाने की पुलिस आरोपी युवक को ढूंढने के लिए बिहार पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि थाने के एक दारोगा के नेतृत्व में यह टीम बिहार भेजी गई है और रोहतास जिले में आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया है कि जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शुक्रवार की सुबह 5 के आसपास गंगा नदी में नहाने के दौरान युवक द्वारा बीयर पिए जाने और घाट के किनारे बीयर का केन फेंके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो के वायरल होने के बाद धर्मनगर काशी में गंगा की पवित्रता को लेकर सवाल खड़े हो गए थे, तो वहीं घाट किनारे रहने वाले लोगों ने मामले में ठोस कार्रवाई की मांग की थी।
वीडियो के संज्ञान में आने के बाद अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी की ओर से दी गई तहरीर के बाद दशाश्वमेध थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें सनातन की आस्था को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया था। वीडियो में दावा किया गया था कि बीयर पीने वाला युवक बिहार के रोहतास जिले का संतोष कुमार है।
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया है कि पुलिस की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बिहार के रोहतास जिले में भेजी गई है। उन्होंने बताया कि लोकल पुलिस की मदद से आरोपी के पहचान की कोशिश की जा रही है। एसीपी ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर ली जाएगी और उसे गिरफ्तार कर वाराणसी लाया जाएगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भी गंगा नदी में नाव पर बीयर पार्टी करने का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस दौरान नाविक समाज के लोगों पर यह कृत्य करने का आरोप लगा था। इस घटना के बाद मांझी समाज ने खुद को इस मामले से अलग कर लिया था और पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
दरअसल, गंगा नदी में इस तरह के कार्य करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले रमजान के महीने में नाव पर इफ्तार पार्टी की जाने का भी मामला सामने आ चुका है, जिसमें दावा किया गया है कि आरोपियों ने बिरयानी खाई और उसके अवशेष गंगा नदी में फेंक दिए। इसका भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में 14 युवकों को गिरफ्तार किया था। वहीं इस मामले में गिरफ्तार किए गए सभी 14 युवक हाईकोर्ट से जमानत के बाद जेल से बाहर आए हैं।
Updated on:
23 May 2026 11:58 am
Published on:
23 May 2026 11:58 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
