बहराइच में दरिंदगी की हद पारकर एक पति ने पत्नी की जमकर पिटाई किया। इसके बाद भी उसका मन नहीं भरा तो उसने बाइक से बांधकर सड़क पर घसीटा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी को ससुराल से जबरन ले जाने के दौरान बेरहमी से पीटा और फिर बाइक से बांधकर घसीट दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बहराइच जिले के नानपारा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार किया। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणपुर मटेही गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी रामगांव के मुस्सलमपुर गांव के रहने वाले युवक से की थी। बताया जा रहा है कि करीब छह दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद महिला अपने मायके आकर रहने लगी थी। बुधवार की शाम पति अपनी पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा। लेकिन वहां पहुंचते ही उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। जबरन उसे अपने साथ ले जाने लगा। जब महिला ने जाने से इनकार किया तो आरोपी का गुस्सा और बढ़ गया। उसने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए पत्नी को बाइक के पीछे रस्सी से बांध दिया और उसे सड़क पर घसीटते हुए ले जाने लगा।
इस दर्दनाक घटना को देखकर आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जुट गए। और तुरंत हस्तक्षेप किया। गुस्साए लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया और उसके आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह घटना न केवल घरेलू हिंसा का गंभीर उदाहरण है। बल्कि समाज के सामने एक बड़ा सवाल भी खड़ा करती है। कि आखिर रिश्तों में इतनी क्रूरता क्यों बढ़ती जा रही है।