
पुलिस हिरासत में आरोपी फोटो सोर्स विभाग
बहराइच जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक युवक को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर की गई पोस्ट वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। हिंदू संगठनों ने विरोध जताया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी के बाद युवक पुलिस हिरासत में अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगता नजर आया।
बहराइच के रानीपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला सामने आया है। दर्जिनपुरवा गांव के रहने वाले सज्जाद अली नामक युवक पर आरोप है कि उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से बहुसंख्यक समाज के देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी पोस्ट की थी। पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। कई हिंदू संगठनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। स्थानीय लोगों और संगठनों की शिकायत के बाद रानीपुर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डाली गई विवादित पोस्ट को भी हटवा दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2), 299 तथा आईटी एक्ट की धारा 64 के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद युवक का एक वीडियो भी सामने आया। जिसमें वह पुलिस हिरासत में अपनी गलती स्वीकार करते हुए दोबारा ऐसी हरकत न करने की बात कहता दिखाई दिया।
रानीपुर थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने या किसी समुदाय की आस्था को ठेस पहुंचाने वाली पोस्ट को गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ करें। किसी भी तरह की विवादित सामग्री साझा करने से बचें।
Updated on:
25 May 2026 07:50 pm
Published on:
25 May 2026 07:50 pm
