
रिश्वत लेते हुए लेखपाल गिरफ्तार (सोर्स- पत्रिका)
बहराइच जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व लेखपाल को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। गोंडा एंटी करप्शन की टीम ने महसी तहसील क्षेत्र के सराय मेहराबाद में तैनात लेखपाल उमेश कुमार पाठक को 10 हजार रुपए लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया। लेखपाल पर जमीन से जुड़े दस्तावेज देने के बदले मोटी रकम लेने का आरोप है। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी।
एंटी करप्शन टीम ने रिश्वतखोरी के आरोप में एक राजस्व लेखपाल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी लेखपाल ने जमीन से जुड़े दस्तावेज देने के बदले मोटी रकम वसूली, फिर भी काम नहीं किया। जानकारी के मुताबिक, रामगांव थाना क्षेत्र के तमाचपुर गांव के रहने वाले दुलारे यादव ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। दुलारे का कहना था कि उन्हें अपने दादा के नाम दर्ज जमीन से जुड़े एक न्यायालयी मामले में भू-अभिलेख कुर्रा की जरूरत थी। इस काम के लिए उन्होंने संबंधित लेखपाल से संपर्क किया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, लेखपाल ने दस्तावेज उपलब्ध कराने के नाम पर पहले 70 हजार रुपए ले लिए थे। इसके बाद भी काम पूरा नहीं किया गया। आरोप है कि बाद में लेखपाल ने 20 हजार रुपए और मांगे। लगातार पैसे मांगने से परेशान होकर दुलारे यादव ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से कर दी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने पूरे मामले की जांच की और योजना बनाकर कार्रवाई की।
मंगलवार देर रात निरीक्षक धनंजय सिंह के नेतृत्व में एंटी करप्शन टीम ने देहात कोतवाली क्षेत्र के भोगाजोत इलाके में जाल बिछाया। इसी दौरान लेखपाल उमेश कुमार पाठक को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए लेते हुए पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी लेखपाल को देहात कोतवाली ले गई। वहां, लेखपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
27 May 2026 06:06 pm
Published on:
27 May 2026 06:06 pm
