
मृतका की फाइल फोटो सोर्स पत्रिका
गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मां ने आरोप लगाया है कि बेटी के नाम मौजूद दो बीघा जमीन को लेकर ससुराल पक्ष लगातार प्रताड़ित करता था। आखिरकार दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के रमवापुर हरदो पट्टी गांव की रहने वाली गुड़िया देवी के लिए रविवार की रात जिंदगी का सबसे बड़ा दुख लेकर आई। देर रात उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी खुशबू की तबीयत बिगड़ गई है। और उसकी मौत हो चुकी है। खबर सुनते ही परिवार के लोगों में चीख पुकार मच गई। मां का कहना है कि जब वह बेटी के ससुराल पहुंची। तो उसका शव घर के बाहर जमीन पर पड़ा था। ससुराल वाले मौत की अलग-अलग वजह बताते रहे।
गुड़िया देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उन्होंने अपनी बेटी खुशबू की शादी दरियापुर हरदोपट्टी महोबवा के रहने वाले दिनेश के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज भी दिया था। लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले खुश नहीं थे। आरोप है कि खुशबू के नाम मौजूद दो बीघा जमीन को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
मां का कहना है कि ससुर हरीराम, सास सीतापति, जेठ सुभाष और जेठानी लक्ष्मी आए दिन अतिरिक्त दहेज की मांग करते थे। कई बार खुशबू ने मायके में प्रताड़ना की जानकारी दी। जिसके बाद परिवार ने समझौता कराकर मामला शांत कराया ताकि बेटी का घर बसा रहे। लेकिन कुछ दिनों से ससुराल पक्ष दो बीघा खेत अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था।
गुड़िया देवी का आरोप है कि जब वे बेटी के घर पहुंचीं। तो ससुराल वाले सांप काटने से मौत की बात कह रहे थे। तो कभी उल्टी-दस्त से मौत होने की बात कहते रहे। पूछने पर बताया कि इलाज के लिए ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में मौत हो गई। बार-बार बदलते बयानों ने परिवार के शक को और गहरा कर दिया। परिजनों का कहना है कि शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। मां ने साफ आरोप लगाया कि अतिरिक्त दहेज और जमीन के लालच में उनकी बेटी की हत्या की गई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।
Updated on:
26 May 2026 08:32 am
Published on:
26 May 2026 08:32 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
