बालाघाट

हाइवे की गुणवत्ता सही नहीं, ओवरब्रिज का निर्माण भी खराब, जिम्मेदारों पर करें कार्रवाई

सांसद भारती परधी ने दिशा की बैठक में उठाया मामला - सांसद व विधायक ने एमपीआरडीसी की सडक़ के मरम्मत कार्य पर उठाए सवाल

2 min read
Jan 14, 2026
सांसद भारती परधी ने दिशा की बैठक में उठाया मामला - सांसद व विधायक ने एमपीआरडीसी की सडक़ के मरम्मत कार्य पर उठाए सवाल

बालाघाट. बालाघाट-गोंदिया हाइवे की गुणवत्ता सही नहीं है। सरेखा ओवरब्रिज का कार्य सही ढंग से नहीं किया गया है। सांसद भारती पारधी ने यह मुद्दा उठाया है। बालाघाट-सिवनी मार्ग का मरम्मत गुणवत्ता पूर्ण नहीं किया जा रहा है। सांसद के साथ विधायक अनुभा मुंजारे ने इस पर सवाल खड़े किए हैं।

जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सही नहीं है। जिला सतर्कता एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक में जनप्रतिनिधियों के उक्त निर्माण कार्यों पर सवाल उठाए जाने के बाद इसे बल मिल रहा है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस दिशा में क्या कार्रवाई करता है?

सांसद पारधी ने कहा कि जिले में विभिन्न विभागों के सडक़ों का निर्माण गुणवत्ता के साथ किया जाए। इनके मरम्मत व सुधार का कार्य नियमित रूप से चलते रहे। एमपीआरडीसी की सडक़ों का सुधार कार्य गुणवत्ताविहीन होने पर नाराजगी जाहिर की।

कहा कि घटिया पेच वर्क करने वाले ठेकेदार के विरूद्ध कार्रवाई की जाए। सांसद ने कहा कि नगर पालिका स्वीमिंग पुल के लिए स्वीकृत एक करोड़ रुपए की राशि का सदुपयोग कर निर्धारित मापदण्डों के अनुसार उसे बनाए। यह केवल टेंक नहीं बनना चाहिए बल्कि उसमें लगने वाले सभी उपकरण एवं सुविधाएं होनी चाहिए। एक करोड़ की लागत से लाइब्रेरी एवं एक करोड़ रुपए की लागत से बनाए जा रहे म्युनिसिपल स्कूल भवन को भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर बनाया जाए। आवारा कुत्तों को पकडऩे की कार्रवाई की जाए।

कटंगी विधायक गौरव सिंह पारधी ने आंगनवाडी पर्यवेक्षक को छह माह से वेतन नहीं मिलने का मामला उठाया। विधायक मधु भगत ने खामी-दुरेंदा रोड पर प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ ईकाई द्वारा पुल निर्माण के लिए वन विभाग की ओर से लगाए गए आपत्ति का मामला उठाया। विधायक अनुभा मुंजारे ने बालाघाट-सिवनी रोड का पेच वर्क ठीक नहीं होने एवं सर्राटी व पाथरी जलाशय की नहरे जीर्णशीर्ण होने का मामला उठाया।

लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे ने किरनापुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में धान का भुगतान लेने आने वाले किसानों के लिए छाया, पानी एवं बैठक की उचित व्यवस्था करने की आवश्यकता बताई। कलेक्टर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों ने जिन मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट कराया है। उस पर कार्रवाई की जाएगी।

Also Read
View All

अगली खबर