बालोद

CG Snake Bite: खाना बना रही महिला को सांप ने काटा, पुरे घर में पसरा मातम

CG Snake Bite: 28 साल की महिला राजेश्वरी के पैर में जहरीले सांप ने काट दिया। सांप काटने की जानकारी होने के बाद महिला को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया।
2 min read
Jun 26, 2025
CG Snake Bite: खाना बना रही महिला को सांप ने काटा, पुरे घर में पसरा मातम
खाना बना रही महिला को सांप ने काटा (Photo Patrika)

CG Snake Bite: बालोद.जिले के ग्राम मटिया (बी) में मंगलवार शाम को अपने घर के रसोई में खाना बना रही 28 साल की महिला राजेश्वरी के पैर में जहरीले सांप ने काट दिया। सांप काटने की जानकारी होने के बाद महिला को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया लेकिन जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार कर गंभीर केस बताकर रेफर कर दिया। वहीं इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के मुताबिक महिला के दो बच्चे हैं जिनकी उम्र 5 व 3 साल है। परिजनों की मानें तो मृतका राजेश्वरी शाम 7 बजे खाना बना रही थी। तभी सांप ने काटा। बुधवार को महिला के शव का गांव के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया।

एक साल में सांप काटने के 25 मामले

जिला स्वास्थ्य विभाग ने बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिले में एक साल में अब तक 24 लोगों को सांप डंस चुका है। रविवार को सुबह 8 बजे ग्राम कलकसा में मनरेगा के तहत काम कर रही 29 साल की महिला दीपिका को सांप ने डस लिया, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसका इलाज जारी है। बता दें कि सर्पदंश के मामले अधिक हैं। कई मामलों में सर्पदंश से हुई मौतों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को नहीं है। विभाग दावा कर रहा है कि इस बार सर्पदंश से मौत के एक भी मामले सामने नहीं आए हैं।

बारिश के मौसम में बढ़ जाती हैं घटनाएं

स्वास्थ्य विभाग की मानें तो जिले का बड़ा भाग जंगल से आच्छादित है, जिसमें सर्पदंश की घटनाएं अधिक होती हैं। विशेषकर बारिश में जहरीले सांप, बिच्छू व अन्य कीड़ों के काटने का खतरा बढ़ जाता है। सर्पदंश जैसे प्रकरणों में सही समय में सही उपचार न मिले तो जान से हाथ धोना पड़ सकता है। विभाग के जिला सर्विलेंस इकाई (महामारी नियंत्रण) ने अलर्ट जारी किया है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले के अस्पतालों में तीन साल में सर्पदंश के 61 मामले सामने आए हैं। हालांकि मौत का आंकड़ा नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अस्पताल में सर्पदंश का इलाज कराने आए मरीजों का ही आंकड़ा है। अगर बाहर सांप ने काटा व निजी अस्पतालो में इलाज कराया तो इसका आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।

Updated on:
26 Jun 2025 02:43 pm
Published on:
26 Jun 2025 02:42 pm