CG News: तेज झटके की चपेट में आ गए और अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े। हादसे में ग्राम झिरिया निवासी मजदूर वासुदेव ध्रुव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
CG News: सिमगा ग्राम केसदा स्थित स्वदेश मेटालिक प्राइवेट लिमिटेड में शनिवार को एक हृदयविदारक दुर्घटना घटित हुई। कार्य के दौरान लगभग 35 फीट की ऊंचाई पर दो श्रमिक अचानक बिजली के तेज झटके की चपेट में आ गए और अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े। हादसे में ग्राम झिरिया निवासी मजदूर वासुदेव ध्रुव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दूसरा श्रमिक परमेश्वर ध्रुव गंभीर रूप से घायल है, जो फिलहाल कोमा में है।
उसका उपचार रायपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के पश्चात तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मृतक के परिजनों और कंपनी प्रबंधन के बीच मुआवजा राशि पर लिखित आर्थिक समझौता हुआ है। इसके अतिरिक्त, कंपनी ने मृतक के पिता को उनकी योग्यता के आधार पर नियमित रोजगार देने का आश्वासन भी दिया है।
इस हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था. मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। ग्रामीणों ने घटना की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा लापरवाही के कारण हुआ या अन्य कोई वजह है।
घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस नेता सुनील माहेश्वरी परिजनों और गांव के लोगों से मिलने के लिए पहुंचे। उन्हें ढांढस बंधाया और संघर्ष में अंत तक साथ देने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि इकलौते बेटे की मौत का दर्द जीवनभर रहेगा। इनका उचित मुआवजा, रोजगार की व्यवस्था प्रबंधन करे।
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन सेफ्टी की व्यवस्था पर कड़ाई से पालन करवाए। केके तिवारी प्रबंधक सदस्य ने कहा कि मृतक के परिवार ने जितनी राशि कही गई उतना दिया गया है। परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी। यह स्टांप पेपर में लिखकर दिया गया है। वहीं घायल का पूरा इलाज भी करवाया जा रहा है।