CG Naxal Arrested: बलरामपुर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 13 साल से फरार चल रहे नक्सली मुन्ना कोरवा को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया गया है।
CG Naxal Arrested: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 13 साल से फरार चल रहे नक्सली मुन्ना कोरवा को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी लंबे समय से जंगलों में छिपकर पुलिस से बचता फिर रहा था और उस पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला वर्ष 2012 का है, जब नक्सलियों ने लातेहार निवासी लखू यादव को ग्राम पुन्दाग में बंधक बना लिया था। उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। नक्सली दस्ता के सदस्य इकबाल यादव के निर्देश पर लखू यादव को जान से मारने के इरादे से गोली भी चलाई गई, लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहा।
घटना के संबंध में सामरीपीठ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 147, 148, 149, 342, 395, 307, 120बी और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिसके बाद न्यायालय ने उनके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था।
हाल ही में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी मुन्ना कोरवा झारखंड के तेहड़ी (भण्डरिया) क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम गठित की और झारखंड रवाना किया गया। योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सामरीपाठ लाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे समय से फरार आरोपी को पकड़ने से यह साफ संकेत गया है कि कानून से बचना संभव नहीं है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।