
Balrampur News:बलरामपुर में चीनी के दाम को लेकर आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। चीनी मिलों से मिलने वाली चीनी के थोक भाव में पिछले करीब 10 दिनों में बड़ी गिरावट आई है। जहां पहले चीनी का थोक भाव 5700 से 5750 रुपये प्रति क्विंटल था। वहीं 24 अगस्त को यह घटकर करीब 5300 से 5400 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस गिरावट का फायदा फुटकर बाजार में भी ग्राहकों को मिले।
चीनी की उपलब्धता और बाजार भाव की स्थिति को लेकर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें चीनी के स्टॉक, मिलों से सप्लाई, थोक और फुटकर कीमतों की समीक्षा की गई। चीनी मिलों के प्रतिनिधियों ने बताया कि जिले की चीनी मिलों के गोदामों में पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है। करीब 10 दिन पहले चीनी का थोक भाव 5700 से 5750 रुपये प्रति क्विंटल था। अब यह घटकर करीब 5300 से 5400 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि थोक भाव में आई कमी का फायदा आम लोगों को भी मिलना चाहिए। इसके लिए बाजार में चीनी के थोक और फुटकर भाव की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि चीनी की पर्याप्त उपलब्धता का लाभ ग्राहकों को उचित कीमत पर मिले।
भारत सरकार के निर्देश के अनुसार, 1 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक चीनी डीलरों पर स्टॉक लिमिट लागू है। कोई भी डीलर चीनी मिलने की तारीख से 30 दिन से ज्यादा समय तक उसका भंडारण नहीं कर सकेगा। इसके अलावा किसी भी समय 4000 क्विंटल से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रखा जा सकेगा। सभी डीलरों के लिए खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराना। तथा अपने स्टॉक की जानकारी देना जरूरी है। हर शुक्रवार को स्टॉक अपडेट करना भी अनिवार्य किया गया है।
बलरामपुर में चीनी के तीन अधिकृत स्टॉकिस्ट हैं। जिलाधिकारी ने सभी थोक व्यापारियों और कारोबारियों का पोर्टल पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को स्टॉक की अचानक जांच करने को भी कहा गया है।
अगर किसी व्यापारी के पास तय सीमा से ज्यादा चीनी मिली या जमाखोरी और कालाबाजारी का मामला सामने आया तो आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में चीनी की कोई कमी नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें। आम लोग अपनी जरूरत के अनुसार खुले बाजार से चीनी खरीद सकते हैं।