अखिल भारतीय महिला एम्पॉवरमेंट पार्टी का घोषणा पत्र जारी
बेंगलूरु. अखिल भारतीय महिला एम्पॉवरमेंट पार्टी (एमईपी) ने सत्ता में आने पर हर बीपीएल परिवार को एक रुपए प्रति किलो के भाव से हर माह 35 किलोग्राम चावल देने, प्रदेश के सभी जिलों में सस्ते भोजन की कैटीन खोलने निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा कमजोर वर्ग के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का वादा किया है।
पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष नौहिरा शेख ने बुधवार को यहां पार्टी का चुनाव घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि उनकी पार्टी समाज में महिलाओं को प्रमुख स्थान देगी और किसानों व समाज के कमजोर तबकों के लोगों को विशेष सुविधाएं देगी। पार्टी ने किसानों का कर्ज माफ करने, लड़कियों को एलकेजी से लेकर पीजी तक मुफ्त शिक्षा देने, सरकारी स्कूलों में विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने, शराबबंदी कड़ाई से लागू करने तथा कृष्णा, कावेरी व महादयी नदियों में राज्य के हिस्से की रक्षा करने का वादा किया है।
शेख ने कहा कि राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर कोई भी पार्टी महिलाओं को उचित नेतृत्व नहीं दे पाई है लेकिन उनकी पार्टी स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 फीसदी सीटों के लिए आरक्षण देगी तथा हर जिले में पृथक महिला अस्पताल खोलेगी। महिलाओं से संबंधित मुकदमों के त्वरित निपटाने के लिए विशेष अदालतों की स्थापना की जाएगी और महिला उद्यमियों को ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा।
-----------
पुलिस बलों ने किया मैसूरु जिले में फ्लैग मार्च
मैसूरु. विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं में विश्वास कायम करने के मकसद से पुलिस ने बुधवार को विभिन्न क्षेेत्रों में फ्लैग मार्च किया।
त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के जवानों व पुलिसकर्मियों ने चुनाव से पहले लोगों को सुरक्षा व आपातकालीन स्थिति की तैयारियों के बारे में लोगों को आश्वस्त करने के लिए हुणसूर डिवीजन के पुलिस उपाधीक्षक की उपस्थिति में बिलीकेरे थाना क्षेत्र के गांवों में रूट मार्च किया। केंद्रीय सश पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों ने नंजनगुड डिवीजन के डीएसपी की मौजूदगी में नंजनगुड कस्बे में रूट मार्च किया। इसके अलावा येलवाल तथा जयपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के गुंगराल छत्रा, दड्डदाकलहल्ली, याचनेगौडऩहल्ली, उद्बूर तथा अन्य गावों में भी पुलिस ने मार्च किया। इसी तरह के रूट मार्च जिले के अन्य स्थानों पर भी किए जाएंगे।