बांसवाड़ा

लॉकडाउन से परेशान कर्ज तले दबे दो व्यापारी लापता, बहन की शादी की कहकर निकले, पर लौटे नहीं

कर्ज लेकर दुकान शुरू करने के एक माह बाद ही लॉकडाउन के कारण उपजे विकट हालात व तकाजे से परेशान दो युवा व्यापारियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दी गई है...
2 min read
• •
Updated: 16 Jun 2020, 11:12 AM IST
banswara_thana.jpg

बांसवाड़ा। कर्ज लेकर दुकान शुरू करने के एक माह बाद ही लॉकडाउन के कारण उपजे विकट हालात व तकाजे से परेशान दो युवा व्यापारियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दी गई है। पुलिस के अनुसार अगरपुरा क्षेत्र निवासी विनोद पुत्र बाबूलाल शर्मा ने रिपोर्ट दी कि उसका भतीजा हिमांशु (26) पुत्र पिंकेश शर्मा अपने मित्र अंबाबाड़ी निवासी अनिल (21) पुत्र बाबूलाल भाई के साथ 8 जून को इंदौर में बहन की शादी में शामिल होने के लिए जाने को कह कर निकला। शादी की तारीख के बाद 6 दिन बीतने पर भी वह वापस घर नहीं लौटा तो इंदौर में संपर्क किया। जहां उसके नहीं पहुंचने की जानकारी दी गई। इस पर कोतवाली थाने में दोनों युवकों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दोनों की तलाश प्रारंभ कर दी है।

इधर विनोद ने बताया कि हिमांशु और अनिल ने साझे में शहर के उदयपुर मार्ग स्थित हेमु कालानी चौराहा के पास एक दुकान खोली थी। इसके लिए उन्होंने कुछ लोगों से राशि उधार ली थी। दुकान की शुरुआत 21 फरवरी को की गई। 21 मार्च तक एक माह दुकान चलने के बाद 22 मार्च से लॉकडाउन लागू होने से उनका कामकाज बंद हो गया। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन खुलने के बाद जून के आरम्भ के दिनों में दोनों ने मिलकर पुनः दुकान खोली, लेकिन जिन लोगों से ब्याज पर राशि लाई गई थी, उन लोगों ने तकाजा करना आरंभ कर दिया। उन्होंने बताया कि तकाजे के कारण हिमांशु दबाव में था और 7 जून को वह घर से इंदौर के समीप पालिया गांव में निवासरत अपनी बहन की शादी में शामिल होने की बात कहकर कार से रवाना हुआ। इसके बाद से अब तक वह बांसवाड़ा स्थित घर नहीं लौटा तो विनोद ने हिमांशु की बहन से पालिया में संपर्क किय। तब पता चला कि हिमांशु वहां पहुंचा ही नहीं था और उसकी बहन की शादी भी नहीं थी। बहन की शादी अप्रैल माह में थी, जो लॉकडाउन के कारण स्थगित कर दी गई थी। गौरतलब है कि हिमांशु की बहन वैशाली की भी कुछ साल पूर्व एक सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर चाकू से वार कर हत्या कर दी थी।

Updated on:
16 Jun 2020, 11:12 AM IST
Published on: