
ग्राम पंचायत दिवड़ा छोटा का मामला
सूरजगाव। ग्राम पंचायत दिवड़ा छोटा के राजस्व गांव आदर्श कॉलोनी एवं दिवड़ा छोटा में जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल योजना के लिए करीब चार माह पूर्व सड़क खोदकर पाइपलाइन बिछाई गई थी। पाइपलाइन डालने के बाद सड़क को दुरुस्त नहीं किए जाने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के बीचोंबीच लाइन डालने से सड़क दो भागों में बंट गई है, जिससे पैदल राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है।
ग्रामीण राजेंद्र व्यास ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद ठेकेदार की ओर से सड़क पर कच्ची मिट्टी से भराव कर दिया गया था। मानसून की पहली बारिश में ही मिट्टी बहकर निकल गई और सड़क नाली के रूप में तब्दील हो गई। इससे आए दिन मवेशियों, राहगीरों एवं वाहन चालकों के गिरकर चोटिल होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पहली बारिश हुए करीब एक माह बीत चुका है। सड़क की मरम्मत को लेकर सरपंच एवं जलदाय विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के साथ शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक सड़क को दुरुस्त करने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जल जीवन मिशन के सहायक अभियंता विपिन व्यास ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में सड़क को पाइपलाइन बिछाने के लिए तोड़ा गया है। ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं और एक-दो दिन में सड़क को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।