www.patrika.com/banswara-news
चेतन द्विवेदी. बांसवाड़ा. जयपुर, उदयपुर एवं इंदौर आदि महानगरों की बुराई बांसवाड़ा में भी आ धमकी है। यह बुराई है ऑन लाइन देह व्यापार की। फिलहाल यह प्रारंभिक अवस्था में है, लेकिन इस पर शिकंजे में देरी हुई तो इसके पैर पसारने में भी देर नहीं लगेगी। इस समय यह देह व्यापार सोशल साइट्स व्हाट्सएप के जरिये धड़ल्ले से संचालित हैं। सावचेती के लिहाज से वॉइस कॉल के बजाय कॉल रिकॉर्ड करने के बाद उसे सेंड किया जा रहा है। इस वॉइस कॉल में स्थान एवं किसी का नाम भी नहीं लिया जाता है। इस तरह यह कारोबार फल फूल रहा है।
ऐसे संचालित है कारोबार
ब्रोकर से व्हाट्सएप नंबर के जरिए संपर्क किया जाता है। इस पर वह पहचान पूछने के बाद कुछ लड़कियों के फोटो व्हाट्सएप पर सेंड करता है। फिर ब्रोकर को अपनी पसंद के बारे में बताया जाता है। इसके बाद ब्रोकर राशि का मैसेज सेंड करता है। इसके बाद अपनी वॉइस कॉल रिकॉर्ड कर व्हाट्सएप के जरिए ब्रोकर और ग्राहक के मध्य वार्तालाप होता है। इस रिकॉर्ड काल में राशि कब और कहां देनी हैं तथा लडक़ी को कहां भेजना है। इसकी जानकारियां होती है। इसके बाद ब्रोकर खुद या उसका साथी लड़कियों को काले रंग के कांच की कार में बैठाकर लाता है और निर्धारित स्थान पर छोडऩे और रुपए लेने के बाद रफूचक्कर हो जाता है।
यों फूटा भांडा
शहर में सोशल साइट़्स व्हाट्सएप पर संचालित देह व्यापार से जुड़े ग्राहक एवं ब्रोकर के मध्य हुई बातचीत के कई अंश वायरल हुए। इसके अलावा बीते कुछ समय से यहां शहर में कुछ लोगों ने इधर उधर अड्डे भी बना रखे हैं, जो देह व्यापार को पनपा रहे हैं। जानकारों के अनुसार शहर में यह खेल बीते कुछ माह से ही संचालित हैं। बांसवाड़ा में देह व्यापार के संचालन का बड़़ा मामला सामने भी आ चुका है। पुलिस ने लिंक रोड स्थित एक स्पा पर छापामार लड़कियों के साथ वहां के मैनेजर सहित दो-तीन जनों को गिरफ्तार किया था। शहर के अन्य कुछ जगहों पर भी ठीक इसी तरह का खेल और भी संचालित हैं। बावजूद वहां तक बीट प्रभारियों की पकड़ नहीं है।