
बांसवाड़ा/आंबापुरा. आंबापुरा क्षेत्र की केसरपुरा ग्राम पंचायत के उमराखाल गांव में मंगलवार को एक मादा पैंथर का शव कुएं में मिला। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। सिर में चोट आने से उसकी मौत होना बताया गया है। उमराखाल में मंगलवार सुबह महिलाएं देवचंद पुत्र विठला डोडियार के कुएं पर पानी भरने गई थी, जहां उन्हें कुएं में पैंथर का शव नजर आया। महिलाओं ने गांव में सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने ग्रामीणों की मदद से करीब तीन-साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद पैंथर के शव को बाहर निकाला। वनकर्मियों का अनुमान है कि मादा पैंथर पानी की तलाश में भटककर यहां पहुंची होगी। कुआं करीब चालीस फीट गहरा, कच्चा और पथरीला था। इससे वह बाहर नहीं निकल पाई और डूबने से उसकी मौत हो गई। क्षेत्रीय वन अधिकारी वीरेंद्र सुखवाल ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार पैंथर की मौत कुएं में गिरने पर सिर में चोट लगने से हुई है। उसकी आयु करीब दो वर्ष थी। बाद में मृत पैंथर को बांसवाड़ा पशु चिकित्सालय ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम किया गया। शव का नर्सरी में अंतिम संस्कार किया गया।
कब-कब गई पैंथर की जान
13 दिसंबर 2015: घाटोल तहसील के खेरड़ीपाड़ा गांव में नारायणलाल के कुएं में मृत पैंथर मिला।
03 मार्च 2016: गढ़ी तहसील के आसन गांव में मोगा मईड़ा के खेत के समीप पैंथर मृत मिला।
23 जनवरी 2017: घाटोल रेंज के भागतोल वनरेंज की भूनकीघाटी में आपसी लड़ाई में एक पैंथर की मौत।
07 मार्च 2017: गढ़ी रेंज के जौलाना वननाका के बाबाकुआं क्षेत्र में पैंथर मृत पाया।
26 अप्रेल 2017: बांसवाड़ा रेंज के गणाऊ वननाका क्षेत्र के नान्द्रा खो में पैंथर मृत मिला।
06 जून 2017: वनखंड दौलतगढ़ के गांव लालपुरा में ग्रामीणों के हमले में मादा पैंथर की मौत।
20 नवम्बर 2017: बांसवाड़ा रेंज के समाईमाता-भापोर वन क्षेत्र में पैंथर मृत मिला।
29 जनवरी 2018: लोहारिया वननाका के आसोड़ा खेड़ा बस्ती में खेत के समीप तारों में उलझा पैंथर मृत मिला।
10 अपे्रल 2018: बांसवाड़ा रेंज के उमरखाल में पैंथर कुएं में मृत मिला।
ढाई साल में खोए नौ पैंथर
छह रेंजों में फैले बांसवाड़ा वन क्षेत्र में गढ़ी, बांसवाड़ा, घाटोल रेंज में पैंथर बहुतायत में है। वर्ष 2017 की वन्यजीव गणना में कुल 32 पैंथर नजर आए थे। अच्छी खासी संख्या के बीच कई कारणों से बीते ढाई साल में नौ पैंथरों की मौत हुई है। इनमें एक मादा पैंथर लोगों का शिकार भी बनी।