घरेलू विवाद में जहरीला पदार्थ खाने से महिला की मौत
घरेलू विवाद में जहरीला पदार्थ खाने से महिला की मौत
छोटी सरवन. दानपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जुआफाल निवासी फूली पत्नी बद्री [35] ने घरेलू विवाद के चलते विषाक्त पदार्थ खा लिया।परिजन उसे छोटी सरवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए जहां से हालात बिगड़ते देख उसे जिला अस्पताल रैफर किया गया। बीती रात को फूली ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। थाना अधिकारी सज्जन सिंह ने बताया कि पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच में शुरू कर दी है।
घायल महिला ने तोड़ा दम
कुशलगढ़. कुशलगढ़ थाना इलाके के टिमेड़ा मार्ग पर गत बुधवार को बाइक की टक्क र से घायल हुई महिला ने गुरुवार को उदयपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार नानीकासाथ निवासी भूरी पत्नी मगन अपने भतीजे अमरसिंह के साथ बाइक पर सींगली जा रही थी। रास्ते में बड़वास छोटी के पास मोटी घाटी पर सामने से तेज गति से आ रही बाइक से भिड़ंत हुई। इसमें भूरी घायल हो गई, जिसे कुशलगढ़ अस्पताल से बांसवाड़ा लाया गया। जहां गंभीर स्थिति पर उसे उदयपुर रैफर किया गया। जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
युवती पर हमले के मामले में दिया ज्ञापन
अरथूना. अरथूना में बुधवार को प्रेम-प्रसंग के चलते युवती पर चाकूु से हमले के मामले को लेकर गुरुवार को वागड़ वाल्मीकि भील समाज के लोगों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। साथ ही वारदात की निंदा करते हुए आरोपित को सजा दिलाने की मांग रखी। लोगों ने कहा कि इस तरह की वारदातों से युवा पीढ़ी पर बुरा असर पड़ता है। इसलिए आरोपित को कड़ी सजा मिले जिससे कि दूसरे युवाओं को भी संदेश मिले। इस अवसर पर अध्यक्ष शंकर लाल कटारा, अर्जुनलाल, गौतम डाबी, हीराभाई, जयकिशन, रणछोड़ कटारा, केसरीमल, पवन खांट आदी उपस्थित थे।