इस दौरान आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया था। हालांकि दोपहर बाद बाजार धीरे-धीरे खुलने लगे और जनजीवन सामान्य हो गया।
पहलगाम की घटना को लेकर बारां शांतिपूर्ण बंद रहा, सर्व हिंदूसमाज, व्यापार महासंघ ने किया था आह्वान
बारां. कश्मीर के पर्यटक स्थल पहलगाम में 22 अप्रैल को पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों द्वारा निर्दोष हिंदूओं की गोलीमार कर हत्या के विरोध में सर्व हिंदू समाज एवं बारां व्यापार महासंघ तथा विभिन्न संगठनों के आह्वान पर शुक्रवार को बारां बंद शांतिपूर्ण रहा। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया था। हालांकि दोपहर बाद बाजार धीरे-धीरे खुलने लगे और जनजीवन सामान्य हो गया।
सर्व हिंदू समाज एवं अनेक संगठनों व व्यापार महासंघ के आह़्वान पर सुबह लोग शहर के प्रताप चौक पर एकत्रित हुए। जहां पर पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। घटना की कठोर शब्दों में निन्दा करते हुए केन्द्र सरकार से आतंकवादियो तथा पाकिस्तान को करारा जवाब देने की मांग की। इस दौरान काठ्याबाबा आश्रम के आचार्य परमानन्द ने कहा कि घटना की जघन्यता इस बात से साबित होती है की धर्म पूछकर गोली मारी गई। जो देश में पहली आतंकवादी घटना है।
टोलियां बनाकर बंद के लिए आग्रह किया
बंद सर्मथको ने टोलियां बनाकर मोटरसाइकिलों पर शहर के विभिन्न बाजारों में घूमकर बंद रखने की अपील की। बंद के दौरान सभी बाजार दोपहर तक पूर्णत: बन्द रहे। सर्राफा बाजार समेत कई दुकानें शाम तक बन्द रही। बंद समर्थको ने दोपहर को प्रताप चौक पर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धान्जलि दी गई। शहर में बंद के दौरान धर्मादा चौराहा प्रताप चौक, मेन मार्केट, चारमूर्ति चौराहा आदि स्थानों पर सड$क पर पाकिस्तानी झण्डे को चिपकाकर उसको कुचलते हुए नारेबाजी की।
प्रशासनिक अधिकारी भी रहे मौके पर तैनात
बंद के दौरान किसी भी तरह की कानून व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के लिए जिले के करीब आधा दर्जन से अधिक एसडीएम की तैनातगी भी की गई थी। बंद के दौरान विधायक राधेश्याम बैरवा ने भी भागीदारी निभाई तथा दिवंगत आत्माओ की शांति के लिए मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी।
अभय कमाण्ड से दिनभर की निगरानी
शहर में बंद के दौरान पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी तथा जिला कलक्टर रोहिताश्व तोमर, एडीएम दिवांशु शर्मा ने अभय कमाण्ड सेन्टर पर बैठकर शहर के विभिन्न इलाको पर कड़ी नजर रखी। वही धर्मादा चौराहा पर बेरिकेट््स के साथ पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। साथ ही एसपी तथा कलक्टर ने शहर के विभिन्न इलाको में गश्त कर स्थिति का जायजा लिया।
शहर में पुलिस का रहा माकूल बंदोबस्त
बंद को देखते हुए पुलिस तथा प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए माकूल बन्दोबस्त किए गए थे। एएसपी राजेश चौधरी ने बताया कि शहर भर के विभिन्न क्षेत्रो में करीब 200 पुलिसकर्मी तथा अधिकारी तेनात किए गए थे। जिसमें दो एएसपी, दो उपाधीक्षक चार सर्किल इंस्पेक्टर शामिल रहे। साथ ही कन्ट्रोल रूम पर वज्र वाहन समेत दमकल व जाब्ता मौजूद रहा।