
Murder After Dispute: राजस्थान के बारां जिले से हत्या की वारदात सामने आई है। दरअसल जिले के सारथल थाना क्षेत्र के नारेड़ा गांव में एक पति ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से गला काटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति शव के पास ही बैठा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार नारेड़ा गांव निवासी धर्मराज लोधा ने अपनी पत्नी लीला बाई की देर रात कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान लीला बाई ने बचने के लिए चीख-पुकार भी की लेकिन आरोपी नहीं रुका। महिला की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो आरोपी सिर पकड़कर शव के पास बैठा हुआ था। पुलिस ने उसे घटनास्थल से ही पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार धर्मराज और लीला बाई के तीन बच्चे हैं। घटना के समय तीनों बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय चिकित्सालय भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस घटना के बाद तीनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
पुलिस ने आरोपी पति धर्मराज लोधा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से शराब पीने का आदी था। ग्रामीणों का कहना है कि वह रोजाना शराब का सेवन करता था और पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से भी परेशान बताया जा रहा था। घटना के समय भी उसके शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार धर्मराज और उसकी पत्नी कुछ समय पहले तक जयपुर में मजदूरी करते थे। करीब एक महीने पहले ही दोनों अपने गांव बारां जिले के नारेड़ा लौटे थे और तब से यहीं रह रहे थे। पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था। मृतका के भाई ने सारथल थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।