पुलिस ने शहर के सेवानिवृत्त बुजुर्ग डॉक्टर दंपती पर हमला कर उनके घर से लाखों की लूट करने के आरोपियों का मुंडन कराकर सोमवार को शहर में जुलूस निकाला। पुलिस ने तीन आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार किया था।
नौकरों ने बुजुर्ग डॉक्टर दम्पती को लूटकर भरोसे का घोंटा गला
बारां. पुलिस ने शहर के सेवानिवृत्त बुजुर्ग डॉक्टर दंपती पर हमला कर उनके घर से लाखों की लूट करने के आरोपियों का मुंडन कराकर सोमवार को शहर में जुलूस निकाला। पुलिस ने तीन आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार किया था। तीनों को पुलिस उपाधीक्षक ओमेन्द्र शेखावत व कोतवाली प्रभारी रामबिलास मीणा की मौजूदगी में प्रताप चौक पुलिस चौकी से पैदल जिला अस्पताल के सामने स्थित डॉ. एसके अग्रवाल के आवास तक ले जाया गया तथा घटनास्थल तक पहुंचने के रास्तों, बाइक खड़ी करने के स्थान और आवास के अन्दर एवं बाहर वारदात में शामिल सभी आरोपियों की गतिविधियों की मौका तस्दीक कराई गई।
कोतवाली प्रभारी रामबिलास मीणा ने बताया कि 29 जुलाई को डॉ. दम्पती डॉ. एसके अग्रवाल व डॉ. उषा अग्रवाल के घर में घुसकर उनके नौकरों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर नगदी समेत करीब 8-10 लाख की लूट की थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी निर्देशन व उपाधीक्षक शेखावत के सुपरविजन में गठित की गई कोतवाली व डीएसटी की टीम ने 30 जुलाई को एक नौकर मेडिकल स्टोर कर्मचारी दिनेश गोस्वामी व उसके साथी अजय बैरवा (22) कापरेन को गिरफ्तार किया। इनकी सूचना पर 4 अगस्त को वारदात में शामिल आरोपी भरत गोस्वामी (35) कापरेन, रणजीत गोस्वामी (29) सुल्तानपुर व चौकीदार रूपचन्द नायक (35) हनुवंतखेड़ा अन्ता को गिरफ्तार किया था। आरोपी राजवीर इटावा (कोटा) निवासी फरार है। इन तीनों को पैदल ले जाकर डॉक्टर दंपती के आवास और वहां पहुंचने के रास्ते आदि की तस्दीक कराई गई।
दो को जेल, तीन को रिमांड पर लिया
पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी दिनेश व अजय को 5 दिन की रिमांड अवधी पूरी होने पर सोमवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। वहीं, रविवार को गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया है। इस दौरान इनके कब्जे से चांदी के बर्तन, सोने के आभूषण व नगदी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।