बरेली

वंदे मातरम के 150 वर्ष, देशभक्ति के रंग में रंगा बरेली, गांधी उद्यान में गूंजे जयकारे, एलईडी पर सुना पीएम का संदेश

वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शहर में शुक्रवार को विशेष आयोजन हुआ। गांधी उद्यान स्थित योग सदन में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा की अध्यक्षता में भव्य कार्यक्रम रखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

2 min read
Nov 07, 2025

बरेली। वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शहर में शुक्रवार को विशेष आयोजन हुआ। गांधी उद्यान स्थित योग सदन में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा की अध्यक्षता में भव्य कार्यक्रम रखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के उन्मुक्त स्वर और भारत माता की जय के नारों के साथ हुई। इसके बाद एलईडी की बड़ी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना गया। पीएम मोदी ने अपने संदेश में वंदे मातरम को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा बताते हुए इसे हर भारतीय की शान बताया। उन्होंने देश के युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रगौरव को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि वंदे मातरम सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि यह देशभक्ति की भावना का प्रतीक है, जिसने आजादी की लड़ाई में असंख्य वीरों को प्रेरित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर देशभक्ति का संदेश पहुंचाएं और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाएं।

महापौर डॉ. उमेश गौतम ने इस ऐतिहासिक अवसर को देश के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर पूरे देश में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने को उत्सव की तरह मनाया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य समाज के हर वर्ग में राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रसारित करना है।

समारोह में महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने कहा कि वंदे मातरम ने न सिर्फ आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि आज भी यह देशवासियों को एकजुट करने की ताकत देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में देशप्रेम की भावना और अधिक प्रबल होती है।

कार्यक्रम में मीरगंज विधायक डीसी वर्मा, नवाबगंज विधायक डॉ एमपी आर्या, गुलशन आनंद, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विनोद पागरानी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने वंदे मातरम पर भारत माता की जयकारों के साथ आजादी के महानायकों को याद किया।

Also Read
View All

अगली खबर