दुनका क्षेत्र के गांव ठिरिया कल्यानपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर के आंगन में खेल रहा 15 महीने का मासूम बच्चा पानी भरी बाल्टी में औंधे मुंह गिर गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। घटना सोमवार शाम उस समय हुई जब परिवार के सभी लोग रोजा इफ्तार कर रहे थे।
बरेली। दुनका क्षेत्र के गांव ठिरिया कल्यानपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर के आंगन में खेल रहा 15 महीने का मासूम बच्चा पानी भरी बाल्टी में औंधे मुंह गिर गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। घटना सोमवार शाम उस समय हुई जब परिवार के सभी लोग रोजा इफ्तार कर रहे थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गांव ठिरिया कल्यानपुर निवासी इंतजार अहमद ने बताया कि रविवार को परिवार के सभी लोगों ने रोजा रखा था। शाम के समय घर में इफ्तार की तैयारी चल रही थी और सभी लोग इफ्तार में व्यस्त थे। इसी दौरान उनका 15 महीने का बेटा याशर घर के आंगन में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह बाथरूम तक पहुंच गया, जहां एक बाल्टी में पानी भरा हुआ था। बताया जा रहा है कि मासूम बाल्टी के पास पानी से खेलने लगा और अचानक औंधे मुंह बाल्टी में गिर गया। बाल्टी में भरे पानी में डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर काफी देर तक बच्चा नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसे गांव में तलाशना शुरू कर दिया।
काफी देर तक खोजबीन के बाद जब परिजन घर के बाथरूम में पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। मासूम याशर बाल्टी में मृत अवस्था में पड़ा मिला। यह देख परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मासूम की मां फरीन का रो-रोकर बुरा हाल है। याशर दो बच्चों में सबसे छोटा था। परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह परिवार को संभाला। सोमवार सुबह मासूम के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।