
पीलीभीत। पूरनपुर के सुआबोझ गांव में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली ने एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। डीजे पर नाच-गाने के बीच अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। खुशियों के माहौल में अचानक गूंजी गोली ने सभी को दहशत में डाल दिया।
घटना बुधवार देर रात की है, जब गांव में एक ग्रामीण की बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। डीजे की धुन पर लोग झूम रहे थे और बारात का जश्न अपने चरम पर था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग कर दी। गोली सीधे गांव निवासी जगवीर (35) पुत्र रामपाल की गर्दन में जा लगी। जैसे ही जगवीर खून से लथपथ होकर जमीन पर गिरे, मौके पर चीख-पुकार मच गई। डीजे बंद हो गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल जगवीर को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। बताया जा रहा है कि घायल और आरोपी दोनों ही हाईवे किनारे स्थित एक राइस मिल में काम करते हैं, जिससे घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाल पवन पांडेय ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए फायरिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना की पूरी जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग मामले को दबाने और आपसी समझौते से निपटाने की कोशिश में भी जुटे हुए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
30 Apr 2026 03:20 pm
Published on:
30 Apr 2026 03:20 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
