एनसीईआरटी में सर्वेयर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगों ने एक सिविल इंजीनियर से 3.5 लाख रुपये की ठगी कर ली।
बरेली। एनसीईआरटी में सर्वेयर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगों ने एक सिविल इंजीनियर से 3.5 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पीड़ित ने प्रेमनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
प्रेमनगर में शाहबाद का रहने वाला है पीड़ित
शाहबाद निवासी दिलशाद ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे, अमान नवाज सिविल इंजीनियर हैं। वह रामगंगानगर आवासीय योजना में कार्यरत थे। उनकी मुलाकात आलोक पांडेय से हुई। आलोक ने एनसीईआरटी में सर्वेयर पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया और बताया कि उसकी लखनऊ के अलीगंज में कंपनी का दफ्तर है और एनसीईआरटी के अधिकारियों से उसकी अच्छी सेटिंग है। दिलशाद अपने बेटे अमान को लेकर लखनऊ पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात चंद्रशेखर, पवन पांडेय, अजय कुमार और सर्वेश पांडेय से हुई। इन लोगों ने नौकरी के बदले 3.5 लाख रुपये की मांग की। दिलशाद ने विश्वास कर 50,000 रुपये प्रदीप पांडेय के खाते में ट्रांसफर कर दिए, जबकि अजय कुमार उर्फ अग्निवेश ने 1,15,000 रुपये नकद लिए। इसके बाद, उन्होंने अमान को एक स्टेशनरी किट और फर्जी नियुक्ति पत्र सौंप दिया।
फर्जी नियुक्ति पत्र मिलने के बाद हुआ खुलासा
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद अमान ने विभिन्न स्कूलों में जाकर डाटा इकट्ठा किया और उसे एनसीईआरटी को भेजा, लेकिन उसे कोई वेतन नहीं दिया गया। जब उन्होंने पैसे के बारे में पूछा, तो ठगों ने फोन उठाना बंद कर दिया। आखिरकार उसे ठगी का एहसास हुआ। जिस पर अमान के पिता दिलशाद ने प्रेमनगर थाने में इन सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।