बरेली

ढोल-नगाड़ों की गूंज में निकली प्राचीन नरसिंह भगवान की भव्य शोभायात्रा, रास्ते भर पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

आस्था, उल्लास और परंपरा का अद्भुत संगम मंगलवार को चाहबाई क्षेत्र में देखने को मिला, जब प्राचीन श्री नरसिंह भगवान की भव्य शोभायात्रा पूरे धार्मिक जोश के साथ निकाली गई। भगवा ध्वज दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया गया।

less than 1 minute read
Mar 03, 2026

बरेली। आस्था, उल्लास और परंपरा का अद्भुत संगम मंगलवार को चाहबाई क्षेत्र में देखने को मिला, जब प्राचीन श्री नरसिंह भगवान की भव्य शोभायात्रा पूरे धार्मिक जोश के साथ निकाली गई। भगवा ध्वज दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया गया। पूजन-अर्चन के बाद जैसे ही शोभायात्रा आगे बढ़ी, ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा।

जगह-जगह फूलों की बरसात, आरती से हुआ स्वागत

शोभायात्रा श्री चित्रगुप्त मंदिर, चाहवाई से शुरू होकर बानखाना, घोसियान मस्जिद, श्री गौरी शंकर मंदिर गुलाब नगर, बजरिया, श्री अग्रसेन विद्यालय, अलका होटल, दयानंद चौक, नॉवल्टी रोड, पुराना रोडवेज, श्री काली मंदिर श्यामगंज, गोपीनाथ, मठ की चौकी, शिवाजी मार्ग और महादेव सेतु होते हुए पुनः आरंभ स्थल चाहबाई पहुंची, जहां यात्रा का विश्राम हुआ। रास्ते भर क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और श्रद्धा भाव से आरती उतारी। श्रद्धालुओं की भीड़ यात्रा के साथ कदमताल करती रही।

कालीबाड़ी में दिखा जोश, युवाओं की मोर्चाबंदी

नॉवल्टी रोड के बाद कालीबाड़ी क्षेत्र में भक्तों का जोश देखते ही बना। यहां युवाओं ने पारंपरिक ढंग से मोर्चाबंदी कर यात्रा का स्वागत किया। जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालु देर तक धार्मिक उत्साह में सराबोर रहे।

आयोजन में ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद

शोभायात्रा में अध्यक्ष पंडित विजय मन्नू महाराज, अनुराग अग्रवाल, नीरू भारद्वाज, राहुल ठाकुर, गोविंद पटवा, मनीष पाठक, हनी शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी भक्तों का आभार जताया और परंपरा को इसी भव्यता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस तरह शहर में एक बार फिर आस्था और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।

Also Read
View All

अगली खबर