
बरेली। रिश्ते जब भरोसे से हटकर डर और धमकी में बदल जाएं तो घर आंगन भी अदालत जैसा लगने लगता है। सुभाषनगर थाने में एक पति ने ऐसी ही पीड़ा के साथ गुहार लगाई है। बीडीए कॉलोनी निवासी युवक ने थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह को तहरीर देकर बताया कि पत्नी उसके साथ न सिर्फ मारपीट करती है, बल्कि लगातार दहेज के मुकदमे में फंसाने और झूठे केस लगवाने की धमकियां भी दे रही है।
पीड़ित का आरोप है कि पत्नी मकान अपने नाम कराने का दबाव बना रही है। जब उसने ऐसा करने से इंकार किया तो पत्नी और उसके मायके वाले घर आकर मारपीट करने लगे। युवक का कहना है कि कई बार मोहल्ले वालों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। वह आरोप लगाता है कि पत्नी आए दिन कहती है मैं महिला हूं, मेरी ही चलेगी तुम कुछ नहीं कर पाओगे। इन शब्दों ने उसे मानसिक रूप से तोड़कर रख दिया है।
पति का दावा है कि पत्नी ने उसे पिछले सात-आठ महीनों से फोन पर ब्लॉक कर रखा है। उससे कोई बातचीत नहीं करती, लेकिन अन्य पुरुषों से घंटों फोन पर बातचीत करती है। इतना ही नहीं, वीडियो कॉल कर रिकॉर्डिंग शेयर करने का भी आरोप लगाया है। जब वह इस बारे में सवाल पूछता है तो घर में झगड़ा और बखेड़ा खड़ा कर दिया जाता है। पीड़ित के मुताबिक, पत्नी रोज पांच-पांच घंटे घर से बाहर रहती है और पूछने पर अभद्र व्यवहार करती है।
तहरीर में युवक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पत्नी दहेज के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है। इतना ही नहीं, वह हाथ की नस काटकर खुद को नुकसान पहुंचाने और पूरे परिवार को जेल भिजवाने की बात कहती है। इस धमकी से परिवार दहशत में है। युवक का कहना है कि कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है, इसलिए उसने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पति ने आरोप लगाया कि पत्नी के परिजन घर आए और करीब 25 लाख रुपये के जेवर लेकर चले गए। जब इस बारे में विरोध किया गया तो और ज्यादा उत्पीड़न शुरू हो गया। इस पूरे घटनाक्रम ने परिवार की नींद उड़ा दी है। युवक ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है। सुभाषनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित विषय:
Published on:
02 Mar 2026 10:09 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
