बरेली

डीजे नाइट में धक्का बना बवाल, रुहेलखंड यूनिवर्सिटी में छात्रों की मारपीट, बाइक फोड़ी—तीन निलंबित

रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित ऑरा 2026 के दौरान डीजे नाइट में मामूली धक्का लगने से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

2 min read
Apr 07, 2026

बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित ऑरा 2026 के दौरान डीजे नाइट में मामूली धक्का लगने से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। रात में मारपीट के बाद एक गुट ने दूसरे गुट की बाइक तोड़ दी, जबकि अगले दिन फिर से छात्रों में मारपीट हो गई। मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए तीन छात्रों को निलंबित कर दिया है।

अटल सभागार में पहली बार आयोजित डीजे नाइट के दौरान इलेक्ट्रिकल कम्युनिकेशन तृतीय वर्ष के छात्र राजशेखर शुक्ला का डांस करते वक्त मैकेनिकल के छात्र वैभव सिंह से धक्का लग गया। इस पर वैभव ने राजशेखर को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद राजशेखर के दोस्तों आलोक गोस्वामी, अतुल, राहुल, सुमित और मुकेश ने वैभव की पिटाई कर दी। मौके पर पहुंचे सुरक्षा प्रभारी सुधांशु शर्मा ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली।

रात में बाइक तोड़ी, सुबह फिर मारपीट

घटना से नाराज वैभव और उसके साथी वेदांत, गणेश व मंगल सिंह ने रात में बीडीए हॉस्टल पहुंचकर राजशेखर की बाइक में तोड़फोड़ कर दी। अगले दिन सुबह हॉस्टल के मेस में अकेले मिले सुमित कुमार को घेरकर पीटा गया, जिससे उसकी आंख के नीचे चोट आई और खून निकल आया।

शिकायत पर प्रशासन सख्त, तीन छात्र निलंबित

घटना के बाद राजशेखर और उसके साथियों ने चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में शिकायत दी। शुरुआती जांच में सामने आया कि राजशेखर, वैभव और मंगल सिंह पहले भी आपसी विवाद और मारपीट की कोशिश कर चुके हैं। इसे गंभीर मानते हुए चीफ प्रॉक्टर प्रो. रवेंद्र सिंह ने तीनों छात्रों को निलंबित कर विश्वविद्यालय में प्रवेश पर रोक लगा दी है। साथ ही उन्हें 20 अप्रैल को अपने अभिभावकों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

पांच सदस्यीय जांच समिति गठित

मामले की जांच के लिए प्रो. राकेश कुमार मौर्य, प्रो. मदन लाल, डॉ. हरि कुमार सिंह, डॉ. अख्तर हुसैन और डॉ. विशाल सक्सेना की समिति बनाई गई है, जो पूरे घटनाक्रम की जांच कर रिपोर्ट देगी। बाइक तोड़फोड़ से नाराज राजशेखर पक्ष ने करीब 25 हजार रुपये के नुकसान का दावा किया है और भरपाई की मांग की है। आरोप है कि दूसरे पक्ष से जुड़े एक विभागाध्यक्ष छात्रों को संरक्षण दे रहे हैं और नुकसान भरने से इंकार किया जा रहा है।

Also Read
View All