
Bareilly News: बरेली में सड़क चौड़ीकरण की तैयारी के बीच 140 से ज्यादा मकान और दुकानों पर बुलडोजर कार्रवाई का खतरा मंडरा रहा है। स्टेडियम रोड पर नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ नोटिस जारी किए हैं। इनमें दुकान, मकान, अस्पताल और धार्मिक स्थल भी शामिल बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों को खुद अतिक्रमण हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया है। तय समय में निर्माण नहीं हटाने पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की जाएगी। नोटिस के बाद स्थानीय लोगों और कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।
स्टेडियम रोड पर कई निर्माणों पर अतिक्रमण का निशान लगाया गया है। किसी जगह आठ फीट तो कहीं 20 फीट तक का हिस्सा सड़क चौड़ीकरण की जद में बताया जा रहा है। नगर निगम की ओर से संबंधित लोगों को नोटिस देकर निर्धारित समय में खुद अतिक्रमण हटाने को कहा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ग्रेड योजना के तहत बरेली में सड़क चौड़ीकरण के साथ सुंदरीकरण और लाइटिंग का काम भी होना है। इसी योजना के तीसरे चरण में स्टेडियम रोड का काम प्रस्तावित है। सड़क को चौड़ा करने के लिए रास्ते में आने वाले अवैध निर्माण हटाए जाएंगे।
नोटिस लगने के बाद इलाके में रहने वाले लोगों और दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है। कई कारोबारियों का कहना है कि उन्होंने सालों की मेहनत और जमा पूंजी लगाकर अपनी दुकानें खड़ी की हैं। कुछ लोगों का कहना है कि उनका पूरा कारोबार ही उस हिस्से में है, जिसे अतिक्रमण के दायरे में बताया गया है। स्थानीय लोगों की चिंता सिर्फ दुकान टूटने तक सीमित नहीं है। जिन मकानों का हिस्सा सड़क की जद में आ रहा है, उनके सामने परिवार को रहने की समस्या भी खड़ी हो सकती है। लोगों का कहना है कि अगर घर का बड़ा हिस्सा टूटता है तो दोबारा मकान बनाना आसान नहीं होगा।
स्थानीय लोगों ने कहा की हमारी रोजी-रोटी इन्हीं दुकानों से ही है। हम परेशान हो जाएंगे, सब लोग रोड पर आ जाएंगे, रहने की जगह भी नहीं हो पाएगी, न कमाने का जरिया है सब खत्म हो जाएगा।
नगर आयुक्त के अनुसार, स्टेडियम रोड और योजना से जुड़े क्षेत्र में 200 से अधिक अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। इनमें से कुछ लोगों को नोटिस दिया जा चुका है, जबकि बाकी लोगों को भी नोटिस देने की प्रक्रिया चल रही है। जिन लोगों को नोटिस दिया गया है, उन्हें अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया जा रहा है।
नगर निगम का कहना है कि यदि संबंधित लोग खुद अतिक्रमण हटा लेते हैं तो उनके खिलाफ अलग से बुलडोजर कार्रवाई नहीं की जाएगी। लेकिन तय समय के बाद भी निर्माण नहीं हटाया गया तो प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में निर्माण को हटाने के दौरान होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
बरेली में सड़क चौड़ीकरण को लेकर बुलडोजर कार्रवाई का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले सीएम ग्रेड योजना के तहत प्रेम नगर थाना क्षेत्र में नैनीताल रोड पर भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है। अब स्टेडियम रोड पर नोटिस लगाए जाने के बाद लोगों में एक बार फिर घर और दुकान टूटने का डर दिखाई दे रहा है।