बरेली

Bareilly News: सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए बदली गई उर्स-ए-रजवी की तारीखें, अब इस दिन होगा आयोजन

Bareilly Urs-e-Razvi: बरेली में विश्व प्रसिद्ध उर्स-ए-रजवी की तारीख बदल दी गई है। कांवड़ यात्रा और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अब आयोजन 6, 7 और 8 अगस्त 2026 को होगा। जानिए नई तारीखें और पूरा अपडेट।
2 min read
Jul 15, 2026
Bareilly Urs-e-Razvi Urs-e-Razvi New Date Bareilly News
बरेली में उर्स-ए-रज़वी की तारीख बदली (photo- x @MuftiAsjadRaza)

Urs-e-Razvi 2026 Date Changed: बरेली (Bareilly) में हर साल आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध उर्स-ए-रजवी की तारीखों में इस बार बदलाव कर दिया गया है। पहले यह धार्मिक आयोजन 7, 8 और 9 अगस्त को होना था, लेकिन सावन महीने, कांवड़ यात्रा और सोमवार को शिव भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए अब इसे 6, 7 और 8 अगस्त को आयोजित करने का फैसला लिया गया है।

प्रशासन के अनुरोध पर लिया गया फैसला

दरगाह से जुड़े लोगों के मुताबिक, मंगलवार देर रात बरेली के प्रशासनिक अधिकारियों ने दरगाह पहुंचकर उर्स की तारीख बदलने का अनुरोध किया। अधिकारियों का कहना था कि 9 अगस्त को शहर में कांवड़ यात्रा और शिव भक्तों का बड़ा जुलूस निकलेगा। ऐसे में दोनों बड़े धार्मिक आयोजनों के एक साथ होने से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसके बाद दरगाह प्रमुख हजरत मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां), काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रजा कादरी और दरगाह सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी ने आपसी सहमति से तारीखों में बदलाव का फैसला लिया।

उलेमा की राय के बाद हुआ निर्णय

बताया गया कि उर्स को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पहले से ही 8 सदस्यीय उलेमा पैनल बनाया गया था। इस पैनल से भी तारीखों में बदलाव को लेकर राय ली गई। शहर में कानून-व्यवस्था, जायरीन की सुरक्षा और प्रशासन के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए आयोजन की नई तिथियां तय की गईं। अब उर्स-ए-रजवी 6, 7 और 8 अगस्त (गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार) को आयोजित किया जाएगा।

देश-विदेश से आने वाले जायरीन को दी जा रही सूचना

दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि तारीख बदलने की जानकारी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से देश-विदेश के जायरीन तक पहुंचाई जा रही है। जिन लोगों ने पहले 7 से 9 अगस्त के हिसाब से यात्रा की तैयारी की थी, उनसे अब नई तारीखों के अनुसार अपनी योजना बनाने की अपील की गई है।

तैयारियां जारी, जल्द होगी बैठक

उर्स की तैयारियों में टीटीएस (TTS) के स्वयंसेवक लगातार जुटे हुए हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही दरगाह परिसर में एक अहम बैठक भी बुलाई जाएगी, जिसमें सुरक्षा, यातायात, जायरीन की सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी।

अमन और सौहार्द को प्राथमिकता

दरगाह प्रबंधन ने कहा कि यह फैसला किसी दबाव में नहीं, बल्कि शहर में अमन-चैन बनाए रखने, श्रद्धालुओं और जायरीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोनों धार्मिक आयोजनों के सुचारु संचालन को ध्यान में रखकर लिया गया है। इससे कांवड़ यात्रा और उर्स-ए-रजवी दोनों कार्यक्रम बिना किसी असुविधा के संपन्न कराए जा सकेंगे।

Updated on:
15 Jul 2026 02:31 pm
Published on:
15 Jul 2026 02:31 pm