बरेली

मेंथा फैक्ट्री के केबिन में तीन सुरक्षाकर्मियों की लाशें, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र के गांव कुड़ा नरसिंहपुर स्थित मेंथा फैक्ट्री के केबिन में मंगलवार सुबह तीन सुरक्षाकर्मियों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस दम घुटने से मौत की आशंका जता रही है, अब सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी।

less than 1 minute read
Jan 13, 2026
फैक्ट्री के बाहर लगी लोगों की भीड़

बदायूं। उझानी थाना क्षेत्र के गांव कुड़ा नरसिंहपुर स्थित मेंथा फैक्टरी के केबिन में तीन सुरक्षाकर्मी मृत अवस्था में मिले। घटना की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह फैक्टरी कर्मचारी जब केबिन की ओर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। केबिन के भीतर तीनों सुरक्षाकर्मियों के शव जमीन पर पड़े थे। तुरंत इसकी सूचना फैक्टरी प्रबंधन और पुलिस को दी गई।

मृत सुरक्षाकर्मियों की पहचान जोगेंद्र यादव (30) पुत्र रामबहादुर निवासी बसावनपुर मुजरिया, भानु यादव (26) पुत्र श्रीपाल निवासी मुड़सैना थाना दातागंज और विवेक यादव के रूप में हुई है। तीनों बीती रात फैक्टरी की सुरक्षा में तैनात थे।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में फैक्टरी पहुंच गए। जोगेंद्र यादव के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना है कि तीनों की मौत सामान्य नहीं हो सकती। पुलिस के मुताबिक तीनों शवों पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। केबिन के अंदर हीटर लगा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि बंद केबिन में हीटर जलने के कारण दम घुटने से तीनों की मौत हुई होगी।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

सूचना मिलते ही उझानी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने केबिन और फैक्टरी परिसर का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गौरतलब है कि यही मेंथा फैक्टरी कुछ महीने पहले भीषण आग की चपेट में आ चुकी है। यह फैक्टरी बैंक ऑफ बड़ौदा में बंधक बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।

Also Read
View All

अगली खबर