बरेली

जातिसूचक गालियां, फिर की बर्बर पिटाई, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर उड़ाया मजाक

बारादरी क्षेत्र में एक छात्र के साथ हैवानियत की हद पार कर दी गई। स्कूल के बाहर रोककर पहले जातिसूचक टिप्पणियां की गईं, फिर लात-घूंसों से पीटा गया और पूरी वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई है।

2 min read
Mar 22, 2026

बरेली। बारादरी क्षेत्र में एक छात्र के साथ हैवानियत की हद पार कर दी गई। स्कूल के बाहर रोककर पहले जातिसूचक टिप्पणियां की गईं, फिर लात-घूंसों से पीटा गया और पूरी वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई है।

बारादरी क्षेत्र के जोगी नवादा निवासी कक्षा 11 के छात्र को 18 फरवरी को उस समय निशाना बनाया गया, जब वह स्कूल से बाहर निकला। आरोप है कि उसी स्कूल के छह छात्रों ने खुशी स्वीट्स के सामने उसे घेर लिया और रास्ता रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी।

जातिसूचक टिप्पणी से भड़का विवाद

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने छात्र के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसे अपमानित किया। जब छात्र ने इसका विरोध किया तो मामला और बिगड़ गया और आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने छात्र को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से जमकर पीटा। हमलावरों ने न सिर्फ उसे शारीरिक रूप से घायल किया बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे छात्र और उसका परिवार दहशत में आ गया।

वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर किया वायरल

हैरानी की बात यह है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। इससे छात्र को सामाजिक रूप से अपमानित करने की कोशिश की गई। यह वीडियो अब मामले का अहम सबूत बन गया है।
पीड़ित छात्र के पिता ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी अनुराग आर्य से की और लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा। इसके बाद थाना बारादरी में छह नामजद छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों पर होगी कार्रवाई

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read
View All

अगली खबर