बरेली

नवाबगंज की पूर्व पालिका अध्यक्ष सपा नेता शहला के पति डॉक्टर ताहिर बने हिस्ट्रीशीटर, जाने कितने हैं मुकदमे

Bareilly nawabganj: नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष शहला के पति और समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता शिवपाल यादव के करीबी माने जाने वाले डॉ. ताहिर पर आखिरकार पुलिस ने शिकंजा कस दिया है।
2 min read
May 12, 2026
crime news
नवाबगंज नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष शहला, डॉ. ताहिर

बरेली।नवाबगंज नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष शहला के पति और समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता शिवपाल यादव के करीबी माने जाने वाले डॉ. ताहिर पर आखिरकार पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। नवाबगंज पुलिस ने डॉ. ताहिर की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उन पर धोखाधड़ी, लूट, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर धाराओं में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद अब पुलिस उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी। इस कार्रवाई के बाद जिले की राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार डॉ. ताहिर के खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमों की फाइलें फिर से खंगाली जा रही हैं। कई मामलों में जांच की स्थिति और कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की गई है। पुलिस यह भी देख रही है कि किन मामलों में आरोप पत्र दाखिल हुए और किन मामलों में जांच लंबित रही। अधिकारियों का मानना है कि गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों पर निगरानी बढ़ाना जरूरी है ताकि भविष्य में किसी भी बड़ी वारदात को रोका जा सके।

भाजपा नेता के परिवार पर 44 मुकदमों से मचा था बवाल

डॉ. ताहिर का नाम पहले भी जिले की राजनीति में बड़े विवाद की वजह बन चुका है। बताया जाता है कि समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर और उनके परिवार पर एक ही दिन में 44 मुकदमे दर्ज कराए गए थे। उस समय इस कार्रवाई को लेकर भाजपा नेताओं ने जमकर विरोध किया था और राजनीतिक दबाव में मुकदमे दर्ज कराने के आरोप लगाए थे। अब पुलिस उसी दौर के मामलों और रिकॉर्ड को भी दोबारा खंगाल रही है।

अपराधियों पर सख्ती का दावा

एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि जिले में अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिन लोगों का आपराधिक इतिहास गंभीर है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज

डॉ. ताहिर की हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद नवाबगंज और बरेली की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। विपक्षी दल इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम बता रहे हैं, जबकि सपा खेमे में भी इस मामले को लेकर हलचल देखी जा रही है। पुलिस की अगली कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Updated on:
12 May 2026 02:31 pm
Published on:
12 May 2026 12:51 pm