प्रेम के नाम पर धोखा देकर एक युवती की जिंदगी तबाह कर देने का मामला सामने आया है। युवती ने पति और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले उसे प्रेमजाल में फंसाया, फिर शादी का झांसा देकर संबंध बनाए और गर्भवती होने पर उसका गर्भपात करवा दिया।
बरेली। प्रेम के नाम पर धोखा देकर एक युवती की जिंदगी तबाह कर देने का मामला सामने आया है। युवती ने पति और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले उसे प्रेमजाल में फंसाया, फिर शादी का झांसा देकर संबंध बनाए और गर्भवती होने पर उसका गर्भपात करवा दिया। पीड़िता ने एसएसपी से मामले की शिकायत की, जिसके बाद बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैंट थाना क्षेत्र की युवती का कहना है कि वर्ष 2022 में अजय ने शादी का भरोसा दिलाकर नजदीकियां बढ़ाई। गर्भ ठहरने पर छवि अंकुर नर्सिंग होम में डॉक्टर को बहला–फुसलाकर गर्भपात करा दिया। शादी की बात आते ही अजय पीछे हट गया। मजबूर होकर महिला ने कैंट थाने से लेकर एसएसपी कार्यालय तक गुहार लगाई, जिसके बाद आर्य समाज पद्धति से दोनों का विवाह करा दिया गया।
जैसे ही युवती ससुराल पहुंची, वहां ससुर चिम्मन लाल, सास गीता, ननद लक्ष्मी और देवर विजय ने उसे अंदर घुसने तक नहीं दिया। आरोप है कि परिजनों ने दहेज न मिलने पर उसका हाथ पकड़ा और धक्का देकर भगा दिया। धमकी दी दोबारा आई तो लाश ही निकलेगी। पीड़िता का कहना है कि अजय भी लगातार गाली गलौज, मारपीट करता रहा और दहेज की मांग करता रहा। यहां तक कि उसने दूसरी लड़की से दहेज लेकर शादी करने की धमकी भी दी।
1 नवंबर को अजय “काशगंज में बैंक का काम” कहकर गया और वापस नहीं लौटा। फोन भी स्विच ऑफ हो गया। पीड़िता ने 3 नवंबर को बारादरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। लेकिन अगले ही दिन जानकारी मिली कि अजय तो अपने परिवार के साथ ही रह रहा था। पीड़िता का आरोप है कि अजय, परिजन और मौसेरा जेठ आकाश मौर्य लगातार डराते-धमकाते हैं कितने भी प्रार्थना पत्र दे दो, तुम्हारा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी… सरकार और पुलिस हमारी है।
लगातार उत्पीड़न से परेशान पीड़िता ने एसएसपी अनुराग आर्य से गुहार लगाई। आदेश मिलने पर बारादरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।