बरेली

ब्रेवरी अवॉर्ड से सम्मानित हुईं एसपी साउथ अंशिका वर्मा, यूपी की टॉप-5 महिला अफसरों में शामिल

उत्तर प्रदेश की SP अंशिका वर्मा को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर उत्कृष्ट कार्य के लिए DGP द्वारा ब्रेवरी अवार्ड से सम्मानित किया गया।

1 minute read
Apr 21, 2025

बरेली। बरेली की तेज तर्रार आईपीएस एसपी साउथ अंशिका वर्मा को उत्तर प्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक डीजीपी प्रशांत कुमार ने "रेडियो सिटी स्पेशल 26 ब्रेवरी अवार्ड (विशेष श्रेणी)" से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम नियंत्रण और पीड़ितों के प्रति संवेदनशील कार्यशैली के लिए दिया गया है। समारोह का आयोजन एक प्रतिष्ठित एफएम रेडियो चैनल द्वारा किया गया, जिसमें प्रदेशभर से 26 महिला पुलिस अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

इस प्रतिष्ठित सूची में अंशिका वर्मा को टॉप-5 महिला पुलिस अधिकारियों में स्थान मिला है, जो बरेली जनपद के लिए गौरव की बात है।

महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनीं अंशिका वर्मा

डीजीपी द्वारा यह पुरस्कार उन महिला अधिकारियों को दिया गया जिन्होंने बीते वर्ष के दौरान अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, विवेचना और पुलिसिंग में नवाचारों के जरिए उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने न केवल अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग का उदाहरण प्रस्तुत किया है, बल्कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के मामलों में तत्परता से कार्रवाई कर समाज में विश्वास भी कायम किया है।

बरेली पुलिस के लिए गर्व का क्षण

एसएसपी अनुराग आर्य सहित बरेली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताया है। उन्होंने कहा कि अंशिका वर्मा की इस उपलब्धि से बरेली पुलिस की छवि और साख को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

प्रेरणा बनीं अंशिका वर्मा

एसपी अंशिका वर्मा की गिनती उत्तर प्रदेश पुलिस की सबसे प्रेरणादायक महिला अधिकारियों में की जा रही है। वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ महिला अधिकारियों के लिए एक आदर्श और प्रेरणास्त्रोत बनकर उभरी हैं।

बरेली पुलिस की ओर से बधाई

बरेली पुलिस ने एसपी अंशिका वर्मा समेत सभी सम्मानित महिला अधिकारियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Also Read
View All

अगली खबर