बरेली

प्लेटफॉर्म पर गिरे सब इंस्पेक्टर, कुछ ही पलों में थम गई सांस, बरेली जंक्शन पर मचा हड़कंप

जंक्शन पर रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक सब इंस्पेक्टर अचानक प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

less than 1 minute read
Apr 12, 2026

बरेली। जंक्शन पर रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक सब इंस्पेक्टर अचानक प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रयागराज से लौटे थे, प्लेटफॉर्म पर ही बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, थाना बारादरी क्षेत्र के ग्रीन वैली निवासी 52 वर्षीय शरद कुमार मुरादाबाद के थाना डिलारी में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। रविवार को वह प्रयागराज से लौटकर बरेली जंक्शन पहुंचे थे। जैसे ही वह प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंचे, अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह चक्कर खाकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और रेलवे कर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल भेजा। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इससे स्टेशन पर मौजूद लोगों में शोक और सनसनी फैल गई।

प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की आशंका

जीआरपी इंस्पेक्टर एसके वर्मा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। हालांकि, स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। घटना की सूचना मिलते ही मृतक सब इंस्पेक्टर के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जीआरपी ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Also Read
View All