थाना सदर बाजार क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला मंगलवार दोपहर गले में तख्ती टांगकर डीएम और एसपी कार्यालय पहुंची और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। महिला की तख्ती पर लिखा था पति की सताई हूं, साहब मुझे इंसाफ चाहिए, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों में चर्चा शुरू हो गई।
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला मंगलवार दोपहर गले में तख्ती टांगकर डीएम और एसपी कार्यालय पहुंची और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। महिला की तख्ती पर लिखा था पति की सताई हूं, साहब मुझे इंसाफ चाहिए, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों में चर्चा शुरू हो गई।
महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में थाना आरसी मिशन क्षेत्र के एक गांव के युवक से हुई थी। शादी में परिजनों ने करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगा। विरोध करने पर मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके कान का पर्दा तक फट गया। उसने इस संबंध में आरसी मिशन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई संतोषजनक नहीं रही।
महिला का कहना है कि पुलिस ने विवेचना के दौरान गंभीर धाराएं हटाकर आरोपियों को क्लीन चिट दे दी। साथ ही आरोप लगाया कि उसके पति ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी भी कर ली है। महिला ने अधिकारियों से मुकदमे की निष्पक्ष पुनर्विवेचना कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस पर अधिकारियों ने प्रार्थना पत्र लेकर जांच कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।