27 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बकरीद पर सुरक्षा के कड़े इंजताम: 8 सुपर जोन और 30 जोन में बंटा बरेली रेंज, 12 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा

ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए बरेली रेंज पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीआईजी अजय कुमार साहनी के निर्देशन में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान लागू किया गया है।

2 min read
Google source verification
DIG Ajay Kumar Sahni

डीआईजी अजय कुमार साहनी (Image- Patrika)

ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए बरेली रेंज पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीआईजी अजय कुमार साहनी के निर्देशन में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान लागू किया गया है। संवेदनशील इलाकों में लगातार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भ्रमण कर हालात का जायजा लिया जा रहा है।

डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि बकरीद के मद्देनजर पूरे बरेली रेंज को सुरक्षा की दृष्टि से 8 सुपर जोन, 30 जोन, 85 सेक्टर और 332 सब सेक्टर में विभाजित किया गया है। हर स्तर पर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। वहीं पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है। सुरक्षा ड्यूटी में 11 अपर पुलिस अधीक्षक, 37 क्षेत्राधिकारी, 91 प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 257 निरीक्षक, 1741 उपनिरीक्षक, 2578 मुख्य आरक्षी, 5712 आरक्षी और 2033 महिला पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा डीजी रिजर्व और रेंज रिजर्व से कुल 7 कंपनी और 2 प्लाटून पीएसी भी लगाई गई है।

171 पीस कमेटी बैठकों में मांगा गया सहयोग

पुलिस प्रशासन ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और पीस कमेटी सदस्यों के साथ व्यापक संवाद किया है। बरेली रेंज में कुल 171 गोष्ठियां आयोजित की गईं, जिनमें बरेली में 50, बदायूं में 42, पीलीभीत में 38 और शाहजहांपुर में 41 बैठकें शामिल हैं। इन बैठकों में लोगों से पर्व को भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की गई।

सड़क पर नमाज नहीं, सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर नमाज अदा नहीं की जाएगी। कुर्बानी केवल निर्धारित और अनुमन्य स्थानों पर ही होगी तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी तेज कर दी गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पिछले 10 वर्षों में चिन्हित खुराफाती तत्वों पर भी निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।

ड्रोन, CCTV और UP-112 रहेगी एक्टिव

पूरे परिक्षेत्र में ड्रोन कैमरों और CCTV के जरिए निगरानी की जाएगी। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त के निर्देश दिए गए हैं। UP-112 की टीमें भी हाई अलर्ट पर रहेंगी और उन्हें प्रमुख व संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।