बाड़मेर

Rajasthan Accident: राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, 2 सगे भाइयों की मौत, 3 गंभीर घायल

Barmer Road Accident: पाटोदी के एक किलोमीटर पहले फोगालिया सरहद में गाड़ी का संतुलन बिगड़ने से दो-तीन बार जीप पलट गई, इसमें दो सगे भाइयों की मौत हो गई।

2 min read
Jan 28, 2025
पत्रिका फोटो

Barmer Road Accident News: राजस्थान के बाड़मेर के पाटोदी-खनोडा सड़क मार्ग पर फोगालिया सरहद में एक बोलेरो (जीप) पलटने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई तथा परिवार के तीन सदस्य घायल हुए। पुलिस ने बताया कि खारड़ी निवासी रायधनखां पुत्र भाईखान, वलीखां पुत्र भाईखान, गफूरखां पुत्र सुभानखां, लाधूखां पुत्र जानूखां, मुसेखां पुत्र राणेखां, फातमा बोलेरो में सवार होकर पाटोदी आ रहे थे।

इस दौरान बाड़मेर के पाटोदी के एक किलोमीटर पहले फोगालिया सरहद में गाड़ी का संतुलन बिगड़ने से दो-तीन बार जीप पलट गई। इस पर रायधनखां, वलीखां, चालक गफूरखां गंभीर घायल हो गए। राह चलते अन्य वाहन चालकों व ग्रामीणों ने घायलों को पाटोदी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया, जहां पर चिकित्सकों ने रायधनखां, वलीखां को मृत घोषित किया।

गंभीर घायल गफूरखां को बालोतरा रेफर किया। जहां से जोधपुर रेफर किया। मृतक रायधनखां खारड़ी का निवर्तमान उपसरपंच था। घटना के बाद पुलिस ने मौका मुआयना कर मामला दर्ज कर जांच प्रारभ की। वाहन गफूरखां का था।

यह वीडियो भी देखें

सड़क पार करते राहगीर को कार ने मारी टक्कर

वहीं दूसरी तरफ बाड़मेर शहर के कृषि मंडी के पास हाइवे पार करते हुए राहगीर को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार नेशनल हाइवे पर कृषि मंडी के पास राहगीर सड़क पार कर रहा था।

इस दौरान तेज रफ्तार कार ने चपेट में ले लिया। हादसे में शहर के गंगाई नगर निवासी दौलतराम पुत्र प्रहलादाराम की मौत हो गई। वह कृषि मंडी के पास एक होटल पर चाय पीने के बाद पैदल घर की तरफ जा रहा था। पुलिस ने मृतक के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

Also Read
View All

अगली खबर