17 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बाड़मेर डिपो को मिलेंगी 13 नई बसें, टेंडर जारी; अब इन बड़े शहरों के लिए मिलेगी सीधी AC स्लीपर सेवा, देखें पूरी लिस्ट

बाड़मेर रोडवेज डिपो को जल्द 13 नई बसों की सौगात मिलेगी। रोडवेज मुख्यालय जयपुर ने एसी स्लीपर, टू बाइ टू और नॉन एसी बसों के टेंडर जारी किए हैं। मार्च से बसें चरणबद्ध तरीके से शामिल होंगी, जिससे जयपुर, जोधपुर, कोटा सहित कई शहरों के लिए यात्रा सुविधा बेहतर होगी।

2 min read
Google source verification
Barmer Depot AC Sleeper Bus

Barmer Depot AC Sleeper Bus (Patrika File Photo)

Barmer Depot AC Sleeper Bus: बसों की कमी से जूझ रहे रोडवेज डिपो बाड़मेर को जल्द ही राहत मिलेगी। अनुबंध पर बसों के संचालन को लेकर रोडवेज मुख्यालय जयपुर के टेंडर जारी करने पर जल्द ही 13 नई बसें डिपो में शामिल होंगी।

बता दें कि दो बसों के टेंडर स्वीकृत होने पर इनका संचालन शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। इससे बाड़मेर और राज्य के अन्य जिलों के लोगों को आवागमन को लेकर अच्छी सुविधा मिलेगी।

वर्तमान में रोडवेज डिपो बाड़मेर से प्रदेश की राजधानी जयपुर सहित जोधपुर, कोटा, सीकर, सिरोही,उदयपुर और कई बड़े शहरों के लिए बसों का संचालन होता है। प्रतिदिन बाड़मेर से 70 बसें संचालित होती हैं। बाड़मेर से जोधपुर, जयपुर, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए सीमित साधारण व एक्सप्रेस रेलगाड़ियों पर आमजन के आवागमन का मुख्य साधन बसें ही हैं।

यात्री भार की तुलना में बसों की संख्या कम होने से लोगों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। जयपुर, कोटा, सीकर और झुंझुनूं आदि शहरों के लिए नाममात्र बसें संचालित होती हैं। इससे इन शहरों की यात्रा को लेकर लोगों को सर्वाधिक परेशानी होती है।

मार्च में बसें मिलने की उम्मीद

रोडवेज मुख्यालय जयपुर ने बाड़मेर के लिए 3 एसी स्लीपर, 2 टू बाई टू एसी, 4 नॉन एसी स्लीपर, 2 थ्री बाई टू बस व 2 टू बाई टू नॉन एसी बसों के टेंडर जारी किए हैं। जानकारी के अनुसार, 2 थ्री बाई टू नॉन एसी बसों की बॉडी निर्माण का कार्य जारी है। मार्च में इनके मिलने की उम्मीद है। शेष बसें अगले दो से तीन महीनों में उपलब्ध होंगी।

टेंडर जारी किए गए

मुख्यालय ने अनुबंध पर नई बसों के संचालन को लेकर टेंडर जारी किए हैं। बसों के मिलने पर यात्रियों की सुविधा और जरूरत को ध्यान में रखते हुए संचालन किया जाएगा। नई बसों से बड़े शहरों के लिए आवागमन सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा।

-ओमप्रकाश पूनिया, मुख्य प्रबंधक रोडवेज डिपो बाड़मेर