
बालोतरा: जिले में समदड़ी कस्बे के गौर का चौक में निर्माणाधीन एक शोरूम के अंडरग्राउंड खुदाई के दौरान पास की पुरानी दीवार ढह गई। नीचे मजदूर काम कर रहे थे। अचानक गिरी दीवार के नीचे तीन मजदूर दब गए, जिसमें ठेकेदार भी शामिल था।
बता दें कि हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। दीवार ढहने और मलबे में मजदूरों के दबे होने की जानकारी पर आसपास के व्यापारी व ग्रामीण एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग और जेसीबी की सहायता से तीनों को सकुशल बाहर निकाल तत्काल 108 से अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर जोधपुर रेफर कर दिया। एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह खंगारोत, तहसीलदार शैतान सिंह, विकास अधिकारी करनाराम पटेल, नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी महिपाल सिंह सहित पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। मकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उपखंड अधिकारी ने अस्पताल पहुंच चिकित्सा प्रभारी से घायलों की स्थिति की जानकारी ली।